• Sun. Jul 26th, 2026

CBI का बड़ा एक्शन : चक्रधरपुर रेल मंडल के डिप्टी चीफ इंजीनियर को ₹4 लाख रिश्वत लेते सीबीआई ने हावड़ा स्टेशन पर दबोचा

admin's avatar

Byadmin

Jul 26, 2026
crescent ad

 

 

कोलकाता /चक्रधरपुर : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर को हावड़ा रेलवे स्टेशन पर 4 लाख रुपये की घूस लेते रंगेहाथों दबोच लिया। इस मामले में कोलकाता की निजी कंपनी एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि रेलवे अधिकारी अनुबंध से जुड़े मामलों में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत ले रहा था।

 

सीबीआई के अनुसार, शुक्रवार को दर्ज मामले में आरोप है कि डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सत्यम कुमार ने एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड, कोलकाता के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर साजिश रची और चक्रधरपुर मंडल में कंपनी द्वारा किए जा रहे सिग्नल एवं दूरसंचार कार्यों से संबंधित प्राइस वैरिएशन क्लॉज (पीवीसी) और कॉन्ट्रैक्ट वैरिएशन फाइल को मंजूरी देने सहित अन्य आधिकारिक कार्यों में अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत की मांग की।

 

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अधिकारी मई में इसी मामले में पांच लाख रुपये की रिश्वत पहले ही ले चुका था। इसके बाद उसने शेष हिस्से के रूप में चार लाख रुपये और मांगे थे। शिकायत के आधार पर सीबीआई ने जाल बिछाया और हावड़ा रेलवे स्टेशन पर आरोपी अधिकारी को कंपनी के प्रतिनिधियों से चार लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत की पूरी राशि मौके से बरामद कर जब्त कर ली गई।

 

गिरफ्तार आरोपितों में दक्षिण पूर्व रेलवे, चक्रधरपुर के डिप्टी चीफ सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर सत्यम कुमार, एमआरटी सिग्नल्स लिमिटेड के दो प्रतिनिधि शामिल हैं।

 

सीबीआई ने आरोपितों के पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों पर भी तलाशी ली। इस दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। सभी आरोपितों को सक्षम अदालत में पेश किया जा रहा है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *