• Thu. Jul 2nd, 2026

नालंदा के दो दलित युवकों की हत्या के विरोध में औरंगाबाद में निकला कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी देने की मांग

admin's avatar

Byadmin

Jul 2, 2026
crescent ad

 

 

औरंगाबाद से अविनाश कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद, 2 जुलाई। नालंदा जिले में दो दलित युवकों पिंटू पासवान एवं श्रवण पासवान की हत्या के विरोध में बुधवार की शाम औरंगाबाद शहर में भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के संयुक्त तत्वावधान में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च के माध्यम से पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई।

कैंडल मार्च गांधी मैदान से शुरू होकर रमेश चौक तक निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में शामिल लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा न्याय की मांग को लेकर नारे लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष करण पासवान ने की।

मार्च में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) बिहार के प्रदेश महासचिव मोहम्मद एकलाख खान, लोक गायक तूफान पासवान, मगध प्रमंडल के सह प्रभारी इमरान अंसारी, जिला अध्यक्ष रामजन्म राम, जिला उपाध्यक्ष करण रेड्डी, दधपा मुखिया खुशबू कुमारी, दिवाकर पासवान, पिंटू आलम, एजाज अंसारी, पुरुषोत्तम पासवान, नीरज पासवान, रवि पासवान, विकास मेहता, अंबेडकर राम, विपिन बाबू, मुन्ना पासवान, पवन पासवान, अरुण कुमार, मुकेश मेहता, सुजीत कुमार, अनिल पासवान, राहुल चंद्रवंशी, राजा पासवान, सरवन पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने मांग की कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। साथ ही दोनों पीड़ित परिवारों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा तथा प्रत्येक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई।

वक्ताओं ने कहा कि कानून का राज कायम रखने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त एवं त्वरित कार्रवाई जरूरी है। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए कैंडल मार्च के दौरान लोगों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय दिलाने की मांग दोहराई।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed