
जमशेदपुर । स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत मानगो नगर निगम द्वारा सफाई मित्रों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण को समर्पित “सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मानगो नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न जोनों से 100 से अधिक सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सफाई मित्रों के योगदान को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा। सफाई मित्रों द्वारा प्रतिदिन शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में किए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके हित एवं सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को PPE Kit एवं आवश्यक सुरक्षा सामग्री प्रदान की गई। उन्हें कार्य के दौरान व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उचित उपयोग, स्वच्छता एवं सुरक्षित कार्यप्रणाली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षित वातावरण में कार्य करने के लिए आवश्यक संसाधन एवं जागरूकता उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान मानगो नगर निगम के विभिन्न जोनों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 13 सफाई मित्रों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। प्रत्येक जोन से उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों का चयन कर उनके समर्पण, जिम्मेदारी एवं स्वच्छता व्यवस्था में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्रों को निशांत कुमार, नोडल पदाधिकारी एसबीएम सेल एवं समिता भगत, नगर प्रबंधक द्वारा पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके कार्य की सराहना की गई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित सफाई मित्रों को स्वच्छता शपथ एवं नशा मुक्ति शपथ भी दिलाई गई। स्वच्छता शपथ के माध्यम से व्यक्तिगत स्वच्छता, सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता एवं स्वच्छता के प्रति नागरिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। वहीं, नशा मुक्ति शपथ के माध्यम से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही
NAMASTE योजना के संबंध में भी जानकारी दी गईं।
कार्यक्रम में नई दिल्ली स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम से संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रम के वेबकास्ट का प्रसारण भी किया गया। सफाई मित्रों ने इस राष्ट्रीय कार्यक्रम के वेबकास्ट के माध्यम से जुड़कर विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
वेबकास्ट के दौरान सफाई मित्रों को NAMASTE योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत सफाई कर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, गरिमा एवं सामाजिक-आर्थिक कल्याण से जुड़े विषयों के बारे में उन्हें जागरूक किया गया। सफाई मित्रों को उपलब्ध योजनाओं एवं उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
शिविर के माध्यम से सफाई मित्रों एवं उनके परिवारों के कल्याण से जुड़े विषयों पर भी जागरूकता प्रदान की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य सुरक्षा, कार्यस्थल पर सावधानियां, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित जानकारी साझा की गई, ताकि सफाई मित्र सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक जानकारी रख सकें। कार्यक्रम का संचालन श्रेयांश, परियोजना प्रबंधक (IEC), द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों का संचालन करते हुए उपस्थित सफाई मित्रों को कार्यक्रम के उद्देश्य एवं विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में निशांत कुमार, नोडल पदाधिकारी, SBM Cell, समिता भगत, नगर प्रबंधक, श्रेयांश, परियोजना प्रबंधक (IEC) सहित मानगो नगर निगम के सफाई पर्यवेक्षक अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। विभिन्न जोनों से संबंधित सफाई निरीक्षक एवं पर्यवेक्षकों की सहभागिता से सफाई मित्रों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।
सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर के माध्यम से मानगो नगर निगम ने सफाई मित्रों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। सफाई मित्रों के योगदान को पहचानने तथा उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में इस प्रकार के कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।
यह कार्यक्रम स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के साथ-साथ स्वच्छता कर्मियों के सम्मान एवं जनभागीदारी को मजबूत करना है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छ और विकसित शहर के निर्माण में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके सम्मान एवं सुरक्षा की जिम्मेदारी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
