
गम्हरिया। गम्हरिया बाजार क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही अव्यवस्था, अतिक्रमण और जाम की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं।
दो दिन पूर्व अंचल कार्यालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में बाजार समिति के पुनर्विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जोबा माझी ने की, जिसमें अंचल अधिकारी, नगर निगम प्रशासन, बाजार समिति के प्रतिनिधि और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में बाजार क्षेत्र की चिन्हित भूमि पर आधुनिक मल्टी-स्टोरी मार्केट कॉम्प्लेक्स विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया। योजना के तहत वर्तमान में फैले असंगठित बाजार को सुव्यवस्थित करते हुए सभी दुकानदारों को एक ही परिसर में समायोजित करने की तैयारी की जा रही है।
इसके लिए संबंधित भूमि को नगर निगम को हस्तांतरित करने के विषय पर भी विचार-विमर्श हुआ। बाजार समिति के नेता केपी सोरेन ने कहा कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य दुकानदारों को बेहतर और व्यवस्थित व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी दुकानदार को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के विस्थापित नहीं किया जाएगा। पहले सभी दुकानदारों का सर्वेक्षण कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर नई व्यवस्था में दुकानें आवंटित की जाएंगी।
अधिकारियों का मानना है कि योजना के लागू होने से बाजार क्षेत्र में जाम और अतिक्रमण की समस्या में काफी कमी आएगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को नया स्वरूप मिलने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
