
आज झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक बलियापुर स्थित पूर्व शिक्षक एवं समाजसेवी परितोष घोषाल के आवासीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाध्यापक उमियाकांत सरकार ने की। बैठक में क्षेत्र के बांग्ला भाषी समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया तथा वर्ष 2026 की जनगणना में बांग्ला भाषा को उचित स्थान दिलाने एवं अधिक से अधिक लोगों द्वारा अपनी मातृभाषा के रूप में बांग्ला भाषा का उल्लेख सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि बांग्ला भाषा झारखंड सहित पूरे देश की समृद्ध भाषाई एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जनगणना में भाषा संबंधी आंकड़े किसी भी भाषा के संरक्षण, विकास तथा उससे संबंधित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक योजनाओं के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए बांग्ला भाषी समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जनगणना के दौरान अपनी मातृभाषा के रूप में बांग्ला भाषा का सही उल्लेख करने के लिए जागरूक करना आवश्यक है।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जनगणना-2026 को लेकर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत गांव-गांव, पंचायत स्तर तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। समिति के प्रतिनिधि घर-घर जाकर लोगों को जनगणना में बांग्ला भाषा दर्ज कराने के महत्व के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही युवाओं, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को इस अभियान से जोड़ने का भी निर्णय लिया गया।

अध्यक्षीय संबोधन में उमियाकांत सरकार ने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान का आधार है। अतः सभी बांग्ला भाषी परिवारों को जनगणना में अपनी भाषा का सही उल्लेख कर भाषा के संरक्षण एवं विकास में योगदान देना चाहिए।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अभियान को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया तथा आगामी दिनों में विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की।
बैठक में प्रमुख रूप से बेगू ठाकुर, लालजीत गोराई, नारायण चंद्र पाल, साधन चटर्जी, परितोष घोषाल, शैलेन मंडल, पिंटू मंडल, मुकुल रोहिदास एवं प्रो. प्रमोद चंद्र मंडल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
