• Sun. May 24th, 2026

चक्रधरपुर में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील

admin's avatar

Byadmin

May 24, 2026
crescent ad

 

 

चक्रधरपुर : आगामी बकरीद को लेकर रविवार को चक्रधरपुर थाना परिसर स्थित सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर 28 मई को होने वाले बकरीद ( ईद उल अजहा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की।

 

बैठक के दौरान मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने त्योहारों के दौरान उत्पन्न होने वाली स्थानीय समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। इस पर अधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए समयबद्ध तरीके से समाधान कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

 

ज्ञात हो कि रेलवे लोको कॉलोनी में आगामी 27 मई से शीतला माता पूजा का शुभारंभ होगा, जिसका समापन 2 जून को किया जाएगा। वहीं 28 मई को बकरीद का पर्व मनाया जाएगा, जिसमें चक्रधरपुर के निर्धारित स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी। दोनों प्रमुख धार्मिक आयोजनों के एक साथ होने को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

 

बैठक को संबोधित करते हुए नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय साव ने कहा कि चक्रधरपुर हमेशा से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल रहा है। उन्होंने संबंधित विभागों से साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति एवं बेहतर कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही शहरवासियों से आपसी सद्भाव और उल्लास के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया।

 

अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिंहा ने कानूनी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि सभी नागरिक न्यायालय के निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कार्य न किया जाए।

 

थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की बलि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कुर्बानी के बाद अपशिष्ट पदार्थों को खुले में न फेंकने और नगर परिषद द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही दफनाने का निर्देश दिया। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए लोगों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट खबर को साझा करने से पहले प्रशासन से सत्यापन अवश्य कर लें।

 

बैठक में अंचल अधिकारी सुरेश कुमार सिन्हा , नगर परिषद उपाध्यक्ष विजय साव, अंचल निरीक्षक, विभिन्न वार्डों के पार्षद, अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य टीके राव, नागेश्वर प्रधान, अनवर खान, मो. अशरफ, संजय पासवान, राजेश गुप्ता, सोमनाथ रजक, शहजाद मंजर, अनिल, तज्जमुल हुसैन, सन्नी खान, सद्दाम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *