


नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-पानी ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। नवीनगर फीडर से होने वाली विद्युत आपूर्ति पिछले करीब 16 घंटे से बाधित है। बुधवार शाम लगभग 7 बजे से ही इलाके की बिजली गुल है, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।पूरी रात बिजली नहीं रहने से घरों में अंधेरा पसरा रहा। बिजली आधारित जलापूर्ति व्यवस्था ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
वहीं भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी को और बढ़ा दिया। मोबाइल चार्जिंग से लेकर घरेलू कार्य तक प्रभावित हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार शाम अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हुई, जिसके बाद नवीनगर फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तेज हवाओं की वजह से कई स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए, जबकि कई जगह बड़े-बड़े पेड़ उखड़कर बिजली तारों पर गिर पड़े। इससे पूरे क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई। आंधी-पानी का असर सिर्फ बिजली व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा। नवीनगर प्रखंड क्षेत्र में दर्जनों पेड़ मुख्य सड़कों और ग्रामीण मार्गों पर गिर गए, जिससे देर रात तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। लगन का मौसम होने के कारण बारातियों और आम लोगों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
कई जगहों पर ग्रामीणों ने खुद कुल्हाड़ी और रस्सी की मदद से पेड़ों को हटाकर किसी तरह रास्ता साफ किया। तेज आंधी के कारण शादी समारोहों के लिए लगाए गए टेंट, पंडाल और मंडप भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई गांवों में कच्चे मकानों की छतें और टीन-करकट उड़ गए। घरों में रखा अनाज और अन्य सामान बारिश में भीगकर खराब हो गया। प्रभावित लोगों ने बताया कि आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि यह किसी चक्रवात जैसी प्रतीत होज़ रही थी।
वहीं बिजली विभाग की टीम लगातार क्षतिग्रस्त स्थलों पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। विभागीय कर्मियों द्वारा टूटे तार और पोल को दुरुस्त करने का प्रयास जारी है। विभाग की ओर से संभावना जताई गई है कि गुरुवार शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि खबर लिखे जाने तक इलाके में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी थी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
