

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर प्रखंड अंतर्गत माली थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां आकाशीय बिजली (वज्रपात) की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मदनपुर प्रखंड के अटल बिगहा निवासी 50 वर्षीय अक्षय राम के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्षय राम अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए गम्हरिया गांव आए हुए थे। गुरुवार की सुबह वे शौच के लिए गांव के पास खेत की ओर गए थे
इसी दौरान अचानक मौसम बिगड़ा और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हो गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इधर, बारात में विदाई की तैयारियां चल रही थीं और समधी मिलन की रस्म के लिए अक्षय राम को खोजा जा रहा था।
काफी देर तक जब वे नहीं मिले, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान खेत में उनका शव पड़ा मिला। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए और शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही माली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
