• Tue. Apr 21st, 2026

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न.

admin's avatar

Byadmin

Apr 21, 2026
crescent ad

 

सरायकेला – समाहरणालय सभागार में आज उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई, बैठक में उपायुक्त के द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा उनके प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

समीक्षा के क्रम में प्रखंड एवं अंचल स्तर पर नियमित समन्वय बैठक आयोजित करने, योजनाओं की सतत निगरानी रखने एवं सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। लाभुकों को योजनाओं का लाभ बिना किसी मध्यस्थता के सीधे उपलब्ध कराने तथा राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक विलंब समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

 

सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सप्ताह में कम-से-कम एक से दो दिन कार्यालय अवधि में अपने-अपने कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर क्षेत्र से आने वाले आमजन की समस्याओं को सुनें तथा प्राप्त आवेदनों/शिकायतों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े एवं योजनाओं के लाभ प्रदान करने में विलंब न हो।

 

शिक्षा विभाग को विद्यालयों में जर्जर शौचालयों के निर्माण हेतु स्वीकृति प्राप्त कर कार्य प्रारंभ करने, सभी विद्यार्थियों का जन्म प्रमाण पत्र निर्गत करने, बैंक खाता खोलने की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा नामांकन, उपस्थिति एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड निर्माण हेतु विशेष अभियान चलाने, रोस्टरवार कैंप आयोजित करने, स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

 

खाद आपूर्ति विभाग की समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण में प्राप्त शिकायतों की जांच कर दोषी डीलरों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा स्टॉक मिलान सुनिश्चित करते हुए लाभुकों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराया जाए।

 

उद्योग एवं श्रम विभाग को योजनाओं के अंतर्गत अधिकाधिक लाभुकों को जोड़ने, श्रमिक पंजीकरण में तेजी लाने एवं योजनाओं का प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

कृषि विभाग को बीज, उर्वरक एवं उपकरणों का समयबद्ध वितरण, मृदा जांच में तेजी एवं किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने का निर्देश दिया गया।

 

सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण विभाग को केंद्र सरकार की पेंशन योजनाओं के अंतर्गत पेंशन प्राप्त करने वाले लाभुकों का डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेशन शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने एवं लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

 

मनरेगा एवं आवास योजनाओं के अंतर्गत योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन एवं रोजगार सृजन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

 

नगर विकास विभाग को स्वच्छता, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा निर्माण एवं विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में रोस्टरवार हल्का स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया, जिसमें विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ऑन-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराते हुए आमजन का मोबिलाइजेशन सुनिश्चित किया जाएगा।

 

सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं का स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर बैनर, फ्लेक्स एवं होर्डिंग, सोशल मीडिया तथा गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग एवं वॉल पेंटिंग जैसे माध्यमों का उपयोग कर अधिकाधिक लोगों तक जानकारी पहुँचाई जाए तथा अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित किया जाए।

 

बैठक के अंत में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, गुणवत्तापूर्ण निष्पादन एवं समयबद्ध लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक में निदेशक DRDA श्री अजय तिर्की, अपर उपायुक्त श्री जयबर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त श्री रवि प्रकास, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश समेत जिला स्तरीय पदाधिकारीगण एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी–अंचलाधिकारी उपस्थित थे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *