
सरायकेला : भीषण गर्मी के बीच चांडिल डैम जलाशय में शनिवार को एक अद्भुत नजारा देखने को मिला। चांडिल वन क्षेत्र के हाथियों का झुंड डैम के पानी में जलक्रीड़ा करता नजर आया। इस दौरान नौका विहार कर रहे दूर-दराज से पहुंचे पर्यटक गजराज को पानी में अठखेलियां करते देख रोमांचित हो उठे।

पर्यटकों ने तुरंत इस खूबसूरत दृश्य को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। डैम में बोटिंग के दौरान अचानक हाथियों के झुंड को देख पर्यटकों में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।

*दलमा में नहीं दिखे, डैम में मिले गजराज:* दलमा गज परियोजना के तहत जंगल सफारी पर गए कई पर्यटकों ने कहा कि हजारों रुपये खर्च करने के बाद भी दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी में हाथी देखने को नहीं मिलते। वन विभाग के अधिकारी अक्सर कहते हैं कि जंगल में वन्य जीव देखने को मिलेंगे, लेकिन अक्सर निराशा ही हाथ लगती है।
ऐसे में चांडिल डैम जलाशय में हाथियों के झुंड को पानी में मस्ती करते देखना पर्यटकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं था। एक पर्यटक ने बताया, “हम दलमा सफारी में गए थे, वहां हाथी नहीं दिखे। लेकिन यहां बोटिंग के दौरान पूरे झुंड को पानी में खेलते देखना अद्भुत अनुभव रहा। पैसा वसूल हो गया।”
*गर्मी से राहत को डैम पहुंचे हाथी:* वन विभाग के अनुसार भीषण गर्मी और जंगल में जलस्रोतों के सूखने के कारण हाथियों का झुंड पानी की तलाश में चांडिल डैम की ओर आ गया। गर्मी से राहत पाने के लिए हाथी घंटों तक पानी में रहे।
वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि हाथियों को देखकर शोर न मचाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही बोटिंग के दौरान भी सतर्कता बरतने को कहा गया है। फिलहाल चांडिल डैम में हाथियों की मौजूदगी स्थानीय लोगों और पर्यटकों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
