• Tue. Mar 24th, 2026

रामनवमी समारोह को लेकर प्रशासन को दिया गया निमंत्रण, आदित्यपुर फुटबॉल ग्राउंड में होगा अखाड़ों का भव्य प्रदर्शन

Subhasish Kumar's avatar

BySubhasish Kumar

Mar 24, 2026
आदित्यपुर। केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति आदित्यपुर के अध्यक्ष देवांग चंद्रमुखी एवं संरक्षक अधिवक्ता ओम प्रकाश ने मंगलवार को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों को 28 मार्च को आयोजित रामनवमी समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया।
समिति की ओर से उन्हें आदित्यपुर फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है। रामनवमी के अवसर पर यहां विभिन्न अखाड़ों द्वारा पारंपरिक खेल और करतबों का प्रदर्शन किया जाता है, जिसे देखने के लिए हर वर्ष हजारों श्रद्धालुओं और दर्शकों की भीड़ उमड़ती है।
बताया गया कि केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति के तत्वावधान में फुटबॉल ग्राउंड, आदित्यपुर में प्रतिवर्ष सभी अखाड़ों का मिलन और खेल प्रदर्शन होता है, जो शहर के प्रमुख आकर्षणों में से एक माना जाता है।
समिति के अध्यक्ष देवांग चंद्रमुखी और महासचिव राम ठाकुर हैं। इससे पूर्व 17 मार्च को आयोजित जिला शांति समिति की बैठक में समिति के सदस्य अधिवक्ता ओम प्रकाश ने उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को 28 मार्च को फुटबॉल ग्राउंड में होने वाले बड़े आयोजन की जानकारी दी थी।
साथ ही वहां अस्थायी शौचालय, समुचित पेयजल व्यवस्था, बैकअप के लिए जनरेटर, मेडिकल टीम तथा पर्याप्त सुरक्षा बल की प्रतिनियुक्ति की मांग की गई थी। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्य जगदीश नारायण चौबे ने भी रामनवमी जुलूस को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में झूल रहे बिजली के ढीले तारों को ठीक कराने और जर्जर बिजली खंभों की मरम्मत कराने की मांग उठाई थी।
इस अवसर पर भगवान सिंह, रमन चौधरी, अधिवक्ता अरुण कुमार सिंह, अधिवक्ता डी.एन. ओझा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *