• Wed. Mar 4th, 2026

जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन

admin's avatar

Byadmin

Jan 22, 2026

 

सरायकेला : समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, निर्वाचन कर्मियों एवं नागरिकों को मतदाता प्रतिज्ञा दिलाई गई।

 

इस अवसर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) एवं निर्वाचन कार्यक्रम–2025 के अंतर्गत उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से तीन–तीन बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, जहाँ लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक नागरिक की सहभागिता एवं जिम्मेदार मतदान पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन लोकतंत्र की गरिमा का प्रतीक है, जिसे बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।

 

उपायुक्त ने बीएलओ को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने–अपने क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से जोड़ने हेतु सतत प्रयास करें। साथ ही फॉर्म–6 (नया पंजीकरण), फॉर्म–7 (विलोपन) एवं फॉर्म–8 (संशोधन) से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार, समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करें, जिससे त्रुटिरहित, स्वच्छ एवं अद्यतन मतदाता सूची का निर्माण किया जा सके।

 

उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित मतदाता सूची का निर्माण केवल निर्वाचन तंत्र का ही नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही संभव है। मतदाता प्रतिज्ञा के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रतिज्ञा केवल औपचारिक शपथ नहीं, बल्कि व्यवहारिक जीवन में लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प है, ताकि धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना प्रत्येक नागरिक निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।

 

कार्यक्रम के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा नए मतदाताओं के बीच EPIC कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही समाहरणालय परिसर से गुब्बारे उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके।

 

कार्यक्रम में अपर उपायुक्त श्री जयबर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकास, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उराव, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी श्री अविनाश कुमार समेत विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी सहायक पदाधिकारी एवं कर्मिगण, निर्वाचन कर्मी, बीएलओ एवं नवपंजीकृत मतदाता उपस्थित रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *