
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी कार्यालय परिसर में हाथी द्वारा कुचले गए मृतक व घायल व्यक्तियों के परिजनों को मुआवजा की बकाया राशि का चेक दिया गया।
दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी, चांडिल रेंज के रेंजर सुरेन्द्र गोप एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने संयुक्त रूप से परिजनों को चेक सौंपा।

4 मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, कुल 16 लाख रुपये तथा 5 घायलों को कुल 3 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई। साथ ही हाथी उपद्रव क्षेत्र के लोगों के बीच सोलर लैंप का भी वितरण किया गया।

मृतक :राधा तांती (सापारूम), अमिता बाला (हाड़ात), चैना देवी (हरत), मुनिराम गोराई (कुकरू)
घायल : राजेंद्र गोराई, कोकिल सिंह, अमुल्य महतो, मोहन लाल महतो, शांतुला महतो
*पति की मौत के बाद परिवार चलाना मुश्किल, रोजगार दिलाने की गुहार – उमावती गोराई*
पीड़ित महिला उमावती गोराई ने ईचागढ़ विधायक से गुहार लगाते हुए कहा कि मैडम, हमें कहीं रोजगार करने में लगा दीजिए। परिवार चलना मुश्किल हो गया है। छोटे-छोटे बच्चे हैं। पति को हाथी द्वारा कुचले जाने के बाद घर चलाना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि परिवार में तीन लड़के हैं। सास-ससुर और देवर-देवरानी अलग-अलग रहते हैं। परिवार अकेले चलाती हूं। अभी खेतीबाड़ी में भी कोई काम नहीं मिलता है। झाड़ू-पोंछा में ही कोई काम मिल जाए तो कर लूंगी। विधायक ने देखेंगे कहकर आश्वासन दिया।
*मृतक और घायल को मिलाकर 19.75 लाख दिए – विधायक सविता महतो*
ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कहा कि चार डेथ केस हैं, जिनमें कुकड़ू प्रखंड के दो और ईचागढ़ के हरत गांव के दो और सापारूम का एक है, जिन्हें 4-4 लाख करके चेक दिया गया है। घायल पांच लोगों को अलग-अलग राशि दी गई है। सब मिलाकर मृतक और घायल को करके 19 लाख 75 हजार रुपये दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से टीम गठित की गई है। झारखंड से भी और अलग राज्य से भी टीम भेजी जा रही है, जहां हाथी का उपद्रव है। उन्होंने कहा कि पत्रकार और ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मिलती है कि हाथी किस गांव की तरफ जा रहा है, इससे ग्रामीण सतर्क हो जाते हैं, इसके लिए ग्रामीणों के साथ-साथ पत्रकारों को भी धन्यवाद देती हूं।
*एक वर्ष में 5 लोगों की मृत्यु, अब 12 लोगों की दो क्विक रिस्पांस टीम – डीएफओ*
दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के डीएफओ सवा आलम अंसारी ने कहा कि एक वर्ष में लगभग पांच लोगों की मृत्यु हुई, जिसमें पहले एक मृतक के आश्रितों को मुआवजा भुगतान कर दिया गया था। आज माननीय विधायक द्वारा चार मृतक लोगों के आश्रितों को मुआवजा वितरण किया गया है, साथ ही पांच घायलों को भी मुआवजा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि क्विक रिस्पांस के लिए दो टीम बनाई गई है। पहले यह टीम मात्र एक थी। सरकार के आदेश पर अब दो टीम, जिसमें 12 लोग हैं, हाथियों को गांव में प्रवेश करने पर खदेड़कर जंगलों में ले जाएंगे, जिससे जानमाल की क्षति में कमी आएगी। पहले छह लोग काम कर रहे थे, अब 12 लोग काम कर रहे हैं।
डीएफओ ने कहा कि सभी फॉरेस्ट गार्ड और रेंज ऑफिसर हाथी को जंगलों में रखने का प्रयास कर रहे हैं। हाथी दिवस के दिन बाहर से आए विशेषज्ञों ने टीम को प्रशिक्षण भी दिया था। पूरे झारखंड में लगभग 230 क्विक रिस्पांस टीम हैं, जिनमें से आधी टीम को जमशेदपुर बुलाकर दो दिन का कार्यशाला आयोजित किया गया था, जिसमें हाथी भगाने के तौर-तरीके बताए गए थे।
उन्होंने बताया कि हाथी दो तरफ से आते हैं, एक बंगाल घाटशिला की तरफ से और दूसरा चांडिल माठा के रूट से। घाटशिला की तरफ से आने वाले रूट में कुछ अवरोध पैदा हुआ था, जिसे हटाने का प्रयास किया जा रहा है। भारत सरकार से भी निर्देश मिला है कि जो भी अवरोध उत्पन्न हुआ था, उसे बंद कर दिया जाए।
चांडिल एवं पुरुलिया जिले के अयोध्या माठा कॉरिडोर पर भी कार्य किया जा रहा है। जंगल को और भी समृद्ध किया जा रहा है ताकि बंगाल की तरफ से हाथी दलमा में प्रवेश कर जाएं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
