• Sat. Mar 21st, 2026

ओसेल कोल कंपनी के बेलगाम वाहन ने मचाया कहर, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल, रेफर के दौरान पिता की हुई मौत

admin's avatar

Byadmin

Aug 24, 2025

 

 

संवाददाता : अंतर्कथा केरेडारी, बालमुकुंद दास

टंडवा/केरेडारी। ओसेल कोल कंपनी की बेलगाम ट्रांसपोर्टिंग एक बार फिर हादसे का कारण बनी। शनिवार को पिपरवार थाना क्षेत्र के कल्यापुर महादेव नाला समीप कोल वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना इतनी भयावह थी कि स्थानीय लोग भी दहशत में आ गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची हातमा निवासी मनोज राणा अपने पुत्र बंटी राणा के साथ स्कूटी से अपने ससुराल सराढु जा रहे थे। इसी दौरान अनियंत्रित कोल वाहन ने हाईवे पर उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बचरा अस्पताल पहुंचाया। लेकिन हालत गंभीर होने पर रेफर के दौरान मनोज राणा की मौत हो गई, जबकि पुत्र बंटी राणा का इलाज जारी है।

इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों का कहना है कि कोल ट्रांसपोर्टिंग हाईवे पर रोजाना आम जनता की जान खतरे में रहती है। वे मांग कर रहे थे कि मृतक के परिजनों को नौकरी और मुआवजा दिया जाए तथा संबंधित सड़कों पर कोल वाहनों की नो-एंट्री सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि कोल ढुलाई के लिए कंपनी को अलग सड़क का निर्माण करना चाहिए ताकि आम लोग सुरक्षित रह सकें।

लोगों का आरोप है कि जब भी पब्लिक इस मुद्दे पर आवाज उठाती है, तो कंपनी के दलालों के जरिए मामले को दबा दिया जाता है। अब तक प्रशासन या कंपनी की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर कब तक आम लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन सड़कों पर चलेंगे। वहीं, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नेताओं की चुप्पी पर भी लोगों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *