• Sat. Nov 28th, 2026

सरायकेला। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत धार्मिक स्थलों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, सफाई मित्रों के सम्मान और सुरक्षा पर दिया जोर

admin's avatar

Byadmin

Nov 28, 2026

 

*सरायकेला।* स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत सरायकेला नगर पंचायत द्वारा नगर के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मनोज चौधरी के नेतृत्व में बजरंगबली मंदिर, काली मंदिर एवं सार्वजनिक दुर्गा पूजा मंदिर सहित आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई की गई।

 

इस अवसर पर आयोजित विशेष संबोधन में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज चौधरी ने सफाई मित्रों के योगदान, उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जब पूरा शहर स्वच्छ वातावरण में सांस लेता है, तब इसके पीछे सफाई मित्रों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना होती है। दुर्भाग्य है कि हम अक्सर उनकी मेहनत को देखते हैं, लेकिन उनके व्यक्तिगत जीवन, परिवार, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सुख-दुख पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते।

 

उन्होंने कहा कि सफाई मित्र केवल नगर पंचायत के कर्मचारी नहीं, बल्कि हमारे समाज के अभिन्न अंग हैं। उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि उन्हें सुरक्षित कार्य वातावरण, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सम्मानजनक व्यवहार मिले। उनके परिवारों की जरूरतों और सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता का संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम स्वच्छता के लिए अपना योगदान देने वाले लोगों का भी सम्मान करना सीखेंगे। सफाई मित्रों का मनोबल बढ़ाना, उनकी समस्याओं को समझना और उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगरवासियों से सफाई मित्रों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग का भाव रखने की अपील की।

 

अभियान में वार्ड पार्षद श्री विक्रम मोदक एवं श्री गौतम नायक, नगर प्रबंधक देबाशीष प्रधान, सिटी मिशन मैनेजर मणि मुकुट, कनीय अभियंता विक्की गोप, पीआईयू बजरंग महतो, कर संग्रहकर्ता आकाश सहित नगर पंचायत के पदाधिकारी, कर्मी एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।

 

उन्होंने बताया कि स्वच्छता पखवाड़ा के समापन अवसर पर कल *29 नवंबर 2026 को टाउन हॉल में* सफाई मित्रों के सम्मान में विशेष सम्मान समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य सफाई मित्रों की मेहनत, समर्पण और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देना है। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के सभी लोगों को शामिल होने की उन्होंने अपील की।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *