
बलियापुर, धनबाद: अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के उद्देश्य से शुक्रवार को बलियापुर अंचल कार्यालय में अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में अंचल स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में खनिजों के अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए कई अहम निर्णय लिए गए, जिसमें संयुक्त छापेमारी और ड्रोन सर्वे जैसे कदम प्रमुख हैं।

अवैध डंपिंग और सुरक्षा चिंताएं:

बैठक में गोल्डन पहाड़ी, गोकुल पथ, बिल थोड़ा और सुरंगा एरिया में किए जा रहे अवैध डंपिंग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इन डंपिंग के कारण स्थानीय निवासियों को संभावित हादसों का खतरा बताया गया। इस संबंध में बीसीसीएल प्रबंधन को दो दिनों के भीतर सर्वे रिपोर्ट और आवंटित व होने वाले आवासों की संयुक्त रिपोर्ट अंचल कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। बीसीसीएल ने पहाड़ीगोड़ा क्षेत्र में अवैध उत्खनन की जानकारी दी, जिस पर सीआईएसएफ, बीसीसीएल थाना और अंचल की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है।
वन भूमि पर अतिक्रमण और कानूनी कार्रवाई:
वन भूमि पर ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग का गंभीर मामला भी बैठक में सामने आया। बीसीसीएल के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने आउटसोर्सिंग कंपनियों को वन भूमि में डंपिंग के लिए एनओसी नहीं दिया है और यह कार्य गैरकानूनी तरीके से जबरन किया जा रहा है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। वन विभाग के किसी अधिकारी की बैठक में अनुपस्थिति पर अंचल अधिकारी ने स्पष्टीकरण मांगने और उपयुक्त धनबाद को सूचना भेजने की बात कही, जिससे वन विभाग की चुप्पी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बीसीसीएल को आवश्यक निर्देश:
बैठक में बीसीसीएल को अपनी जमीन का सर्वे कर बाड़ लगाने या तत्काल सीमांकन करने का निर्देश दिया गया है। बीसीसीएल प्रबंधन इस दिशा में कार्य कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों में पब्लिक मीटिंग्स लगातार आयोजित की जा रही हैं और भविष्य में भी जारी रहेंगी। कोल प्रभावित क्षेत्रों में जमीन विवाद के मामलों को जल्द से जल्द सुलझाने पर भी जोर दिया गया।
संयुक्त कार्रवाई और मुआवजा भुगतान:
अवैध उत्खनन पर लगाम लगाने के लिए यह निर्णय लिया गया कि सीआईएसएफ, बीसीसीएल, थाना प्रभारी और अंचल अधिकारी बलियापुर की संयुक्त टीम सघन छापेमारी करेगी तथा अवैध मुहानों को डोजर के माध्यम से भरा जाएगा। इसके अतिरिक्त, अंचल अधिकारी ने बीसीसीएल को रैयतों के मुआवजा भुगतान में अनावश्यक देरी न करने और सही रैयतों का भुगतान एक महीने के अंदर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अवैध वसूली पर कार्रवाई और ड्रोन सर्वे:
बैलगड़ीया और कर्माटांड़ में कुछ व्यक्तियों द्वारा आवास देने के नाम पर गुंडागर्दी और अवैध वसूली की शिकायतें मिलीं, जिस पर अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी बलियापुर द्वारा संयुक्त जांच कर कार्रवाई की जाएगी। अवैध खनन और हॉटस्पॉट की पहचान के लिए क्षेत्र का ड्रोन सर्वे कराने और उस पर कानूनी कार्रवाई करने का भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।
इस बैठक में क्षेत्रीय महाप्रबंधक बीसीसीएल (लौदना, बस्ताकोला), समादेष्टा, सी.आई.एस.एफ, बलियापुर, प्रक्षेत्र, थाना प्रभारी (बलियापुर, तीसरा) एवं ओ पी प्रभारी, अलकडीहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। यह बैठक जिला खनन टास्क फोर्स के पूर्व निर्णय के आलोक में आयोजित की गई थी, जिसका मुख्य उद्देश्य अवैध खनन और भंडारण पर अंकुश लगाना है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
