
पंकज ठाकुर
बड़कागांव। हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल द्वारा संचालित सांसद तीर्थ यात्रा के 100वें एवं 101वें जत्थे को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी जोरों पर है। इसी को लेकर गुरुवार को सांसद ने बड़कागांव स्थित अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आगामी 28 नवंबर को बड़कागांव से पहली बार दो बसों के माध्यम से तीर्थ यात्रियों के जत्थे को रवाना किया जाएगा।

सांसद मनीष जायसवाल ने बताया कि 29 जून 2025 को खपरियावां नरसिंह स्थान से शुरू हुई इस तीर्थ यात्रा के तहत अब तक 99 जत्थे सफलतापूर्वक यात्रा कर चुके हैं। प्रत्येक जत्थे में 60 तीर्थयात्री और पांच सहयोगी कार्यकर्ता शामिल होते हैं। अब 100वां एवं 101वां जत्था बड़कागांव प्रखंड के नयाटांड़ एवं सांढ पंचायत से रवाना होगा। बड़कागांव मां अंबे दुर्गा मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश स्तर के भाजपा नेता भी शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि तीर्थयात्रियों को बनारस, अयोध्या, प्रयागराज और विंध्याचल के धार्मिक स्थलों का दर्शन कराया जाता है।
सांसद ने स्पष्ट कहा कि यह यात्रा बुजुर्गों की धार्मिक आस्था और श्रद्धा से जुड़ी है, न कि कोई पिकनिक यात्रा। उन्होंने संकल्प जताया कि जब तक उनमें सामर्थ्य रहेगा, तब तक यह धार्मिक सेवा जारी रहेगी।
भाजपा के कार्यक्रमों की आलोचना से बढ़ता है जनाधार : सांसद
सोशल मीडिया पर तीर्थ यात्रा के खर्च और व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों पर सांसद मनीष जायसवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब-जब भाजपा के कार्यक्रमों पर सवाल उठाए जाते हैं या आलोचना होती है, तब-तब भाजपा का जनाधार बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यक्रम सरकारी नहीं, बल्कि आम जनमानस से जुड़े होते हैं। इस पुनीत कार्य में अनेक सहयोगियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
सांसद ने गिनाईं लोकसभा क्षेत्र की जनकल्याणकारी योजनाएं
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद ने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आयोजित विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि लोकसभा क्षेत्र में प्रतिवर्ष ई-बुक कैलेंडर के माध्यम से सालभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाती है।
इसके तहत जनवरी-फरवरी में 101 गरीब बच्चियों का सामूहिक विवाह कराने के साथ उनके परिवारों को रोजगार के उद्देश्य से एक-एक टोटो उपलब्ध कराने की योजना है। रामनवमी के अवसर पर पारंपरिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए लाठियों का वितरण किया जाता है। फुटबॉल और अन्य खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को खेल से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। सांसद के अनुसार, नमो फुटबॉल टूर्नामेंट में लोकसभा क्षेत्र के 22 प्रखंडों से 1500 से अधिक टीमें और लगभग 25 हजार खिलाड़ी भाग लेते हैं।
उन्होंने बताया कि गरीब कन्याओं के बीच 17,500 लहंगों का वितरण किया गया है। वहीं, श्राद्ध कार्यक्रमों में जरूरतमंद परिवारों को भोजन सामग्री उपलब्ध कराने के तहत 2,000 से अधिक परिवारों को सहायता दी गई है। इसके अलावा निर्माणाधीन 100 मंदिरों को भी सहयोग पहुंचाने का कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
बड़कागांव में जाम की समस्या पर स्थानीय लोगों को ठहराया जिम्मेवार
पत्रकारों द्वारा बड़कागांव में लगातार लगने वाले जाम और उससे होने वाली परेशानियों के संबंध में पूछे गए सवाल पर सांसद ने कहा कि इसके लिए स्थानीय लोग भी जिम्मेवार हैं। उन्होंने बताया कि जाम की समस्या के समाधान के लिए पूर्व में सर्वेक्षण टीम आई थी, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के कारण सर्वेक्षण नहीं हो सका। सांसद ने कहा कि जब तक बाईपास सड़क का निर्माण नहीं होगा, तब तक जाम की समस्या का स्थायी समाधान मुश्किल है।
कार्यकर्ताओं के सहयोग से संभव हो रहे सामाजिक कार्य
सांसद ने कहा कि क्षेत्र में संचालित सभी सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों की सफलता में भाजपा कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रहती है। उनके सहयोग के बिना इतने बड़े स्तर पर जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना संभव नहीं है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, अनिल मिश्रा, जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, मीडिया प्रतिनिधि उमेश दांगी, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष शिव शंकर कुमार उर्फ शिबू मेहता, पूर्वी मंडल अध्यक्ष विजय यादव, रंजीत कुमार, प्रमोद साहू, किशोरी राणा, द्वारिका सिंह उर्फ खोखा सिंह, लब्बू गुप्ता, वीरेंद्र कुमार वीरू, प्रेमचंद प्रसाद, रंजन चौधरी, अनूप कुमार ठाकुर, अविनाश कुमार सोनू, दीपक गुप्ता, ज्ञानेश्वर शर्मा, नरसिंह प्रसाद, त्रिवेणी महतो, उदय कुमार, मेवा नाग, मनीष पांडे, किशोर कुमार, सुमन गिरी, सत्यजीत विद्या अलंकार सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
