
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अंतर्गत संचालित “चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो” अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न पंचायतों, गांवों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं के बीच माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इससे जुड़े सामाजिक संकोच एवं भ्रांतियों को दूर करना है।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, सामुदायिक स्थलों एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता गोष्ठी, संवाद कार्यक्रम, समूह चर्चा, रैली, शपथ ग्रहण, दीवार लेखन तथा अन्य सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से किशोरियों एवं महिलाओं को माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित स्वच्छता सामग्री के उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में जानकारी दी जा रही है।

कार्यक्रमों के दौरान प्रतिभागियों को बताया जा रहा है कि माहवारी एक प्राकृतिक एवं सामान्य जैविक प्रक्रिया है, जिसके संबंध में खुलकर चर्चा करना आवश्यक है। साथ ही माहवारी के दौरान स्वच्छता के प्रति लापरवाही से होने वाले संक्रमण एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं किशोरियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, माहवारी से जुड़े मिथकों एवं कुरीतियों को त्यागने तथा समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया जा रहा है। साथ ही समुदाय स्तर पर माहवारी स्वच्छता के प्रति अनुकूल वातावरण तैयार करने पर भी बल दिया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने आमजन, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयं सहायता समूहों एवं समाज के सभी वर्गों से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
“चुप्पी तोड़ो–स्वस्थ रहो” अभियान का उद्देश्य माहवारी स्वच्छता को जन-जन तक पहुंचाना तथा स्वस्थ, स्वच्छ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
