
झरिया। मारवाड़ी सम्मेलन, झरिया द्वारा आयोजित महाराजा श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़ा–2026 का समापन बुधवार को भव्य सांस्कृतिक समारोह ‘उत्कर्ष — संस्कृति का उत्सव, प्रतिभाओं का सम्मान’ के साथ हुआ। समारोह में मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा संचालित तीनों शिक्षण संस्थानों—मारवाड़ी उच्च विद्यालय, बालिका विद्या मंदिर तथा महिला इंटर महाविद्यालय—के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के समग्र मूल्यांकन के आधार पर मारवाड़ी उच्च विद्यालय ने प्रथम, बालिका विद्या मंदिर ने द्वितीय तथा महिला इंटर महाविद्यालय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन छवि अग्रवाल ने प्रभावशाली ढंग से किया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, देशभक्ति, धार्मिक आस्था और लोकपरंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

समारोह के दौरान पूर्व में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में पहले आयोजित ‘वंदे मातरम्’ गायन प्रतियोगिता के एकल एवं समूह वर्ग के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। गायन प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में बालिका विद्या मंदिर ने प्रथम तथा मारवाड़ी विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विभिन्न समूहों के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी कलात्मक प्रतिभा का उत्साहवर्धन किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में माँ काली पर आधारित नृत्य, ‘द्रौपदी चीरहरण’ नृत्य-नाटिका, ‘म्हारो प्यारो राजस्थान’, दक्षिण भारतीय नृत्य, ‘अयि गिरि नन्दिनी’ पर दुर्गा-काली स्वरूप, ‘भक्त गोरा कुम्हार एवं भगवान विट्ठल’ नाटक तथा ‘होली मसाने में’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त छठ महापर्व की महिमा और ‘लुक-छुप ना जाओ जी’ जैसी प्रस्तुतियों ने समारोह में सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरे।
प्रतियोगिता से अलग विशेष प्रस्तुतियों के अंतर्गत अंजलि ने गणेश वंदना, लेकिशा शर्मा ने ‘खम्मा घणी’ तथा पलक और मेहक अग्रवाल ने ‘और रंग दे’ पर मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह की शोभा बढ़ाई और दर्शकों की सराहना प्राप्त की।
प्रतियोगिता का निर्णायक मंडल नृत्य के क्षेत्र से जुड़ी अनुभवी प्रतिभाओं से गठित था। इसमें राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर की नृत्य प्रशिक्षक कादंबरी मैम, नृत्यधारा डांस अकादमी की ख्याति विश्वकर्मा मैम, ईज़ी ईज़ी स्टेप्स डांस अकादमी की आबदा मैम तथा कुमुद मैम शामिल थीं। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर समग्र परिणाम निर्धारित किए। समारोह में निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सुनील सांवड़िया, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, सचिव प्रभाष अग्रवाल, संयुक्त सचिव मोहित अग्रवाल तथा पखवाड़ा संयोजक डॉ. मनीष शर्मा पूर्व सचिव दीपक अग्रवाल, मनोज खरकिया, अशोक शर्मा, गोविंद अग्रवाल, अनंत भरतिया तथा गोपी किशन मंत्री उपस्थित रहे।
बालिका विद्या मंदिर के अध्यक्ष सीए दीपक अग्रवाल एवं पदाधिकारीगण, महिला इंटर महाविद्यालय के अध्यक्ष धर्म प्रकाश खेतान एवं पदाधिकारीगण, अग्रसेन भवन के अध्यक्ष रमेश अग्रवाल एवं पदाधिकारीगण तथा मारवाड़ी विद्यालय के उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल एवं पदाधिकारीगण भी समारोह में मौजूद रहे। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के अध्यक्ष किरण शर्मा एवं सदस्यगण, की भी उपस्थिति रही।
महाराजा श्री अग्रसेन जयंती पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रभारियों असीम अग्रवाल, सनी अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, मयंक केजरीवाल, दिनेश शर्मा, मनोज खड़खड़िया, सत्यनारायण भोजगड़िया, जया अग्रवाल, शीला अग्रवाल और किरण शर्मा को सम्मानित किया गया। आयोजन के विभिन्न चरणों में उनके योगदान की सराहना की गई।
शोभायात्रा के दौरान मार्ग में शीतल पेय की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं एवं प्रतिभागियों को सेवा प्रदान करने के लिए श्याम मंदिर, झरिया; सत्यनारायण मंदिर, झरिया; रानी सती मंदिर, झरिया तथा मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा को कृतज्ञता सम्मान से सम्मानित किया गया। इस सेवा कार्य को शोभायात्रा में सहयोग, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का सराहनीय उदाहरण बताया गया।
समारोह ने पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों की सफल परिणति के साथ समाज की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों, विद्यालयों, निर्णायकों, सहयोगियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
