
झरिया : झरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती, जर्जर विद्युत व्यवस्था और उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानियों को लेकर झरिया विधायक रागिनी सिंह ने मंगलवार को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) के महाप्रबंधक से मुलाकात कर विस्तृत वार्ता की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की गंभीर बिजली समस्याओं से अवगत कराते हुए 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा और अविलंब समाधान की मांग की।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से झरिया विधानसभा क्षेत्र की जनता भारी परेशानियों का सामना कर रही है। प्रतिदिन 10 से 12 घंटे तक बिजली बाधित रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं, खुले बिजली के तार दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं तथा शिकायतों के बावजूद त्वरित कार्रवाई नहीं हो रही है।

सौंपे गए मांग पत्र में डिगवाडीह सब स्टेशन अंतर्गत भागा फीडर के लोड को दो भागों में विभाजित करने, झरिया एवं डिगवाडीह सब स्टेशनों में खराब पड़े 10 एमवीए एवं 5 एमवीए ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कराने, विभिन्न क्षेत्रों में 10 आरएमयू स्विच उपलब्ध कराने तथा सभी ट्रांसफार्मरों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की गई।

इसके अलावा बिजली आपूर्ति में अनावश्यक कटौती पर रोक लगाने, आपातकालीन परिस्थितियों में अधिकारियों एवं कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, ठेका एवं मैनेज कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, रात्रि पाली में फील्ड स्टाफ की तैनाती करने, खुले 220 वोल्ट तारों की शीघ्र केबलिंग कराने तथा भारतीडीह बस्ती में लगाए गए ट्रांसफार्मर एवं तार के माध्यम से जल्द बिजली आपूर्ति शुरू करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
विधायक रागिनी सिंह का बयान
रागिनी सिंह ने कहा,
“झरिया की जनता को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। भीषण गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई, व्यापारिक गतिविधियां और आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। जनता की समस्याओं को लेकर मैंने महाप्रबंधक के समक्ष सभी मुद्दों को मजबूती से रखा है और शीघ्र समाधान की मांग की है। हमारी प्राथमिकता है कि झरिया की जनता को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो।”
महाप्रबंधक ने दिया आश्वासन
बैठक के दौरान महाप्रबंधक ने विधायक रागिनी सिंह को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा उठाए गए सभी बिंदु जनहित से जुड़े हैं। विभाग जल्द ही संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी विषयों पर आवश्यक कार्रवाई करेगा तथा चरणबद्ध तरीके से समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभाग गंभीरता से कार्य करेगा।
विधायक रागिनी सिंह ने उम्मीद जताई कि विभाग जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि झरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट से राहत मिल सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
