
धनबाद:धनबाद मंडल कारा में सोमवार की देर रात उस वक्त अचानक हड़कंप मच गया, जब जिले के शीर्ष प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की टीम ने भारी बल के साथ जेल परिसर में दस्तक दी। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और अनधिकृत गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के संयुक्त नेतृत्व में औचक निरीक्षण और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। एकाएक हुई इस बड़ी कार्रवाई से जेल प्रशासन में हड़कंप और सतर्कता दोनों बढ़ गई। इस वृहद छापेमारी अभियान में जिले का शीर्ष प्रशासनिक अमला शामिल रहा। टीम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, एसडीएम लोकेश बरांगे सहित जिले के कई डीएसपी, एसडीपीओ तथा सैकड़ों की संख्या में पुलिस अधिकारी और सशस्त्र जवान शामिल थे। पूरे जेल परिसर की घेराबंदी कर एक-एक हिस्से की बारीकी से जांच की गई। कार्रवाई के दौरान मंडल कारा के पांच पुरुष वार्डों, एक महिला वार्ड और मेडिकल वार्ड की गहन तलाशी ली गई। व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए पांचों पुरुष वार्डों की कमान अलग-अलग डीएसपी को सौंपी गई थी, जबकि महिला वार्ड की तलाशी महिला पुलिस अधिकारियों की विशेष टीम ने ली। इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुरुष वार्ड से खैनी, चूना और पेन बरामद किए गए।
पूरी कार्रवाई के दौरान जेल की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था, बैरकों की स्थिति और अन्य दैनिक प्रक्रियाओं की जांच निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत की गई। गहन निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने जेल की ओवरऑल व्यवस्था को संतोषजनक पाया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, इस औचक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मंडल कारा की सुरक्षा प्रणाली को अभेद्य बनाए रखना, किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अनधिकृत सामग्री के प्रवेश पर रोक लगाना तथा जेल मैनुअल और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराना था।

निरीक्षण के दौरान जेल के मेडिकल वार्ड का भी जायजा लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेडिकल वार्ड में भर्ती कैदियों के स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए एक विशेष मेडिकल टीम का गठन कर जल्द ही उनकी विस्तृत जांच कराई जाएगी।

There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
