
धनबाद:जिले के रानी रोड भूदा इलाके में पारिवारिक कलह और पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर एक युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भूदा बरमसिया निवासी रवि अंकित ने अपनी पत्नी और ससुराल वालों के कथित मानसिक दबाव और धमकियों से आजिज आकर अपने हाथ की नस काट ली। गंभीर स्थिति में उसे धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल में अपने घायल बेटे की देखभाल कर रही रवि की मां, गायत्री देवी ने नम आंखों से पूरी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे रवि अंकित की शादी 12 फरवरी 2025 को मनोरम नगर निवासी युवती के साथ हुई थी। लेकिन शादी के महज एक-डेढ़ महीने बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। गायत्री देवी का आरोप है कि बहू कुछ ही दिनों बाद अपने मायके चली गई और लगातार उनके बेटे को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगी। पीड़ित युवक की मां ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग रवि को लगातार धमकाते थे। घटना की रात भी फोन पर रवि को बुरी तरह टॉर्चर किया गया। सुबह जब मां कमरे में गई तो देखा कि रवि ने अपनी नस काट ली है और वह खून से लथपथ गिरा पड़ा है। मां के अनुसार, जब भी वे लोग बहू को विदा कराने जाते थे, तो वह आने से साफ इनकार कर देती थी और कहती थी कि जब तुम मरोगे, तभी मुझे चैन मिलेगा। कुछ महीने बाद जब ससुराल वालों ने उसे समझा-बुझाकर घर लाया और परिवार आगे बढ़ाने (बच्चे) की बात कही, तो बहु ने साफ कह दिया कि “इतनी आसानी से रिश्ता नहीं बनता, मुझे बच्चा पैदा नहीं करना है।” जनवरी महीने में अनीशा अपनी डायरी में यह लिखकर मायके चली गई कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर जा रही है। बता दे कि यह पारिवारिक विवाद कोई नया नहीं है। गायत्री देवी ने बताया कि इस मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से पहले ही शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। मामला महिला थाने से लेकर कोर्ट तक पहुंच चुका है। थाने में दोनों पक्षों को बैठाकर सुलह की कोशिश भी की गई थी, लेकिन बात नहीं बनी। रोते हुए गायत्री देवी ने स्पष्ट कर दिया है कि वे अब किसी भी हाल में अपनी बहू को वापस घर नहीं लाना चाहतीं। उनका कहना है, “मुझे मेरे बेटे की जान प्यारी है। जो लड़की खुलेआम कहती हो कि पति के मरने के बाद ही उसे चैन मिलेगा, उसके साथ हम अपने बेटे को कैसे रख सकते हैं?” फिलहाल, रवि अंकित का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले के हर पहलू की जांच के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर सकती है। इस घटना ने एक बार फिर टूटते पारिवारिक रिश्तों और उससे उपजे मानसिक तनाव के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
