
झारखण्ड /रांची : झारखंड में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को अब तक की बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को राजधानी रांची के धुर्वा स्थित पुलिस मुख्यालय में एक साथ 27 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। नक्सलियों ने एक साथ हथियारों और भारी मात्रा में गोला-बारूद के साथ सरेंडर किया है।
आत्मसमर्पण करने वालों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के 25 और झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के 2 सदस्य शामिल हैं। इनमें 8 नक्सलियों पर कुल 33 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन सभी के खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में कुल 426 नक्सल संबंधित मामले दर्ज हैं।

सरेंडर के दौरान नक्सलियों ने आधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा भी पुलिस को सौंपा। इनमें एक लाइट मशीन गन (एलएमजी), 5 इंसास राइफल, 9 एसएलआर राइफल, एक बोल्ट-एक्शन राइफल, एक पिस्टल, 31 मैगजीन और करीब 3000 राउंड जिंदा कारतूस शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने इसे नक्सल नेटवर्क के लिए बड़ा झटका बताया है।

आत्मसमर्पण करने वाले प्रमुख इनामी नक्सलियों में गादी मुंडा उर्फ गुलशन (5 लाख), नागेंद्र मुंडा उर्फ प्रभात मुंडा (5 लाख), रेखा मुंडा उर्फ जयंती (5 लाख), सागेन आंगारिया उर्फ दोकोल (5 लाख), करण तियू (2 लाख), दर्शन उर्फ बिंज हांसदा (5 लाख), सुलेमान हांसदा (5 लाख) और बासुमती जेराई उर्फ बासू (1 लाख) शामिल हैं। इनमें कई के खिलाफ चाईबासा, सरायकेला, खूंटी, रांची और गुमला समेत विभिन्न जिलों में दर्जनों मामले दर्ज हैं।
वहीं, जेजेएमपी संगठन के दो सदस्यों सचिन बैक और श्रवण गोप ने भी आत्मसमर्पण किया। सचिन बैक पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ गुमला में कई मामले दर्ज हैं।
इस मौके पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने कहा कि झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, झारखंड जगुआर और खुफिया एजेंसियों के संयुक्त अभियान का यह बड़ा परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को हर संभव सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही राज्य को पूरी तरह नक्सल मुक्त बनाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
