• Tue. Aug 4th, 2026

झरिया में नालियों के अतिक्रमण पर मेयर का कड़ा रुख, बोले- “खुद हटा लो स्लैब वरना चलेगा बुलडोजर!”

admin's avatar

Byadmin

Aug 4, 2026
crescent ad

 

 

झरिया: झरिया शहर के मुख्य चौक-चौराहों का हाल इन दिनों कुछ ऐसा हो गया है कि लगता है शहर सड़क कम, कोई तैरता हुआ स्विमिंग पूल बन गया हो! झरिया की वर्षों पुरानी और ‘चहेती’ समस्या नालियों का बजबजाना और गंदे पानी का सड़कों पर तैरना अब इतनी आम हो गई है कि स्थानीय लोग अब पानी देखकर चौंकते नहीं, बल्कि अपनी किस्मत पर भरोसा कर आगे बढ़ जाते हैं। मुख्य मार्गों पर जलजमाव ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

 

स्लैब के नीचे दबी सफाई और दुकानों का अवैध कब्जा….

 

इस भयंकर जलजमाव के पीछे असली ‘विलेन’ कोई और नहीं, बल्कि हमारे अपने ही कुछ समझदार दुकानदार भाई हैं, जिन्होंने नालियों के ऊपर धड़ल्ले से पक्के स्लैब डालकर ऐसा अवैध अतिक्रमण कर रखा है कि सफाई कर्मचारियों को नाली नजर ही नहीं आती। नतीजा यह है कि मैन रोड हो या गांधी रोड, पिछले कई महीनों से हर तरफ गंदे पानी का ऐसा साम्राज्य है कि लोग नाली समझकर सड़क पर ही तैरने को मजबूर हैं और नगर निगम को कोस रहे हैं।

 

मेयर साहब का कड़ा रुख: “सुधर जाओ या भुगतो!”…..

 

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आखिरकार धनबाद के मेयर संजीव सिंह ने संवाददाता सन्नी शर्मा से दूरभाष पर बातचीत करते हुए साफ कर दिया है कि अब यह लापरवाही और बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेयर ने कहा कि यह नाटक अब और नहीं चलेगा। या तो दुकानदार खुद अपना अतिक्रमण हटा लें, वरना नगर निगम का बुलडोजर चलने में देर नहीं लगेगी। मेयर ने झरिया की आम जनता से भी अपील की है कि वे इस अतिक्रमण हटाओ अभियान में नगर निगम का पूरा सहयोग करें। जनता के साथ देने से ही झरिया की गलियां साफ-सुथरी होंगी और नालियां जाम होने की इस लाइलाज बीमारी से हमेशा के लिए छुटकारा मिल पाएगा।

 

गरज उठा निगम का बुलडोजर, मचा हड़कंप!….

 

मेयर के आदेश मिलते ही नगर निगम के अधिकारी एक्शन मोड में आ गए। मेयर के निर्देश पर अधिकारी अनिल कुमार दल-बल के साथ तुरंत झरिया के बकरहटा मोड़ पहुंचे और ताबड़तोड़ अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया। निगम का बुलडोजर देख अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। पहले दिन यह अभियान लक्ष्मणीया मोड़ तक चलाया गया। निगम के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं है, बल्कि झरिया को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाने तक यह लगातार जारी रहेगा।

अब देखना यह है कि मेयर की इस सख्त चेतावनी के बाद बचे हुए अतिक्रमणकारी खुद अपनी सूझबूझ दिखाते हैं या फिर नगर निगम के बुलडोजर के नीचे उनका अवैध निर्माण नेस्तनाबूद होता है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *