• Wed. Jun 10th, 2026

झरिया को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए धनबाद नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: इंदिरा चौक से कतरास मोड़ तक चला अभियान, वसूला जुर्माना

admin's avatar

Byadmin

Jun 10, 2026
crescent ad

 

 

झरिया (धनबाद): झरिया क्षेत्र को जाम और गंदगी से मुक्ति दिलाने के लिए धनबाद नगर निगम झरिया अंचल की इंफोर्समेंट टीम ने कमर कस ली है। नगर क्षेत्र में सुव्यवस्थित यातायात, बेहतर स्वच्छता और सुंदर शहर के निर्माण के उद्देश्य से निगम द्वारा एक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा रहा और मौके पर ही दोषियों से कुल 5,000 का जुर्माना वसूला गया। नगर निगम की विशेष टीम ने झरिया के मुख्य व्यावसायिक केंद्र इंदिरा चौक से लेकर कतरास मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों की सघन जांच की। इस दौरान जिन दुकानदारों और फुटपाथ विक्रेताओं ने सड़क या सार्वजनिक भूमि को बाधित कर रखा था, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई। टीम ने साफ कर दिया कि सड़कों को जाम कर आम जनता को परेशान करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। कार्रवाई के साथ-साथ निगम प्रशासन ने दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को नियमों का पाठ भी पढ़ाया।सभी व्यवसायियों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे बिना किसी देरी के अपना ट्रेड लाइसेंस अनिवार्य रूप से बनवा लें। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे अपनी दुकानों का सामान सड़क या फुटपाथ पर न फैलाएं। अगर भविष्य में दोबारा सड़कों पर अतिक्रमण पाया गया, तो नगर निगम प्रशासन सिर्फ जुर्माना नहीं लगाएगा, बल्कि सामान जब्त करते हुए कड़ी दंडात्मक व कानूनी कार्रवाई भी करेगा। नगर प्रबंधक ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यह कोई एक दिन का अभियान नहीं है। भविष्य में भी अतिक्रमणकारियों और नगर निगम के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाएगा। नियम तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के अंत में नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत ने आम नागरिकों और स्थानीय व्यापारियों से संवाद करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर सड़कों पर कूड़ा-कचरा न फेंकें, बल्कि डस्टबिन का उपयोग करें।स्वच्छ, सुंदर और जाम-मुक्त झरिया का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसमें आम जनता और व्यापारियों का सहयोग बेहद जरूरी है। इस विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए झरिया अंचल के नगर प्रबंधक विश्वनाथ भगत के नेतृत्व में पूरी टीम मुस्तैद दिखी। अभियान में मुख्य रूप से फूड इंस्पेक्टर इंफोर्समेंट टीम करण कुमार दास एवं पूनम ज्योति स्वच्छता पर्यवेक्षक रंजीत कुमार रजवार, सुनील राव, पुनपुन कुमार एवं राजेश कुमार रजक सहित धनबाद नगर निगम की पूरी इंफोर्समेंट टीम और सुरक्षा बल मुस्तैद रहे।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *