
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट
औरंगाबाद जिला के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र के मंगल बाजार सब्जी मंडी स्थित नाले के ऊपर बनी मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। नाले को ढकने के लिए वर्षों पहले लगाए गए सीमेंट के पटिया अब कई जगह से टूट-फूट गए हैं, जिससे बाजार आने-जाने वाले लोगों के सामने गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है

कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं, जबकि रात के समय यह मार्ग और भी खतरनाक बन जाता है। बताया जाता है कि सब्जी मंडी होकर गुजरने वाला यह मार्ग बाजार का मुख्य रास्ता है, जहां दिनभर लोगों की भारी भीड़ रहती है। नाले को ढकने के लिए लगाए गए बड़े-बड़े सीमेंट स्लैब लंबे समय से मरम्मत के अभाव में क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

कई पटिया बीच से टूटकर गड्ढे में तब्दील हो गए हैं, जबकि कुछ जगह पूरी तरह धंस चुके हैं। कई स्थानों पर गहरी दरारें भी पड़ गई हैं, जिससे लोगों का चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार टूटे पटिया के कारण बाइक सवार अक्सर असंतुलित होकर गिर जाते हैं। पैदल चलने वाले लोग भी चोटिल हो रहे हैं।
सब्जी और अन्य सामान लदे ठेले गड्ढों में फंस जाते हैं, जिससे जाम जैसी स्थिति बन जाती है। बाजार में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खरीदारी करने पहुंचते हैं, जिनके लिए यह रास्ता जानलेवा साबित हो सकता है।
रात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। अंधेरे में टूटे पटिया और खुले नाले दिखाई नहीं देते, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। कई जगह नाला पूरी तरह खुल गया है, जहां बच्चों और बुजुर्गों के गिरने का खतरा सबसे अधिक है। सब्जी मंडी के दुकानदारों और राहगीरों ने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है,
लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि टूटे हुए सभी पटिया को तत्काल हटाकर नए एवं मजबूत स्लैब लगाए जाएं। साथ ही सड़क और नाले की मरम्मत कर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
