• Sat. Nov 28th, 2026

जनजातीय घरेलू रसोइयों ने मुंबई में पेश किए आदिवासी खानपान के पारंपरिक स्वाद

admin's avatar

Byadmin

Nov 28, 2026

 

जमशेदपुर । असम, आंध्र प्रदेश और झारखंड की 10 जनजातीय घरेलू रसोइयां द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल (जीआईएफटी) के तहत मुंबई में जनजातीय अंचलों के समृद्ध और विविध पारंपरिक स्वादों को पेश कर रही हैं। तीन दिवसीय यह फूड और कल्चर फेस्टिवल भारत की खानपान विरासत का उत्सव मनाने के साथ लोगों को देश की विविध पाक परंपराओं से रूबरू करा रहा है। यह भागीदारी संवाद ट्राइबल क्विज़िन पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य देशज खानपान की परंपराओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। साथ ही, इस पहल के माध्यम से जनजातीय समुदायों को खानपान से जुड़े उद्यमों के जरिए आजीविका के स्थायी अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल भारत का पहला ऐसा फूड और कल्चर फेस्टिवल है, जो देशभर के क्षेत्रीय व्यंजनों, सांस्कृतिक कहानियों, लाइव प्रस्तुतियों, समुदाय आधारित अनुभवों और खानपान से जुड़े उद्यमों को एक मंच पर लाता है। 13 थीम आधारित ट्रेल्स के साथ यह फेस्टिवल खानपान के शौकीनों, शेफ, रेस्टोरेंट संचालकों, हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के पेशेवरों और उपभोक्ताओं को भारत की विविध खानपान परंपराओं को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है।

इस फेस्टिवल में भाग ले रहीं 10 जनजातीय घरेलू रसोइयां तीन क्षेत्रों और विभिन्न समुदायों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। पूर्वोत्तर भारत से असम के कार्बी समुदाय की तीन घरेलू रसोइयां अपने पारंपरिक व्यंजन पेश कर रही हैं। दक्षिण भारत से आंध्र प्रदेश के कोया समुदाय की तीन घरेलू रसोइयां अपनी खानपान परंपराओं से लोगों को परिचित करा रही हैं। वहीं, पूर्वी भारत का प्रतिनिधित्व झारखंड के संथाल, असुर और उरांव समुदायों की चार घरेलू रसोइयां कर रही हैं। झारखंड की उरांव जनजाति से जुड़ी पुष्पा रानी तिर्की ने कहा, “इस फेस्टिवल के माध्यम से हम झारखंड के जंगलों और जनजातीय अंचलों के पारंपरिक स्वादों को मुंबई तक पहुंचा रहे हैं। हमारे स्टॉल पर पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं, जहां आगंतुकों को हमारे समुदायों की समृद्ध खानपान परंपराओं को जानने और उनका स्वाद चखने का अवसर मिल रहा है। हमें उम्मीद है कि मुंबई के लोग हमें भरपूर प्यार और सहयोग देंगे और झारखंड के पारंपरिक स्वादों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में मदद करेंगे।”

असम के कार्बी आंगलोंग जनजातीय समुदाय की सदस्य जोरलिन तारोपी ने कहा, “इस तरह के मंच पर पहली बार आना मेरे लिए बेहद रोमांचक होने के साथ-साथ एक नया अनुभव भी है। यहां मुझे कुछ नया सीखने और सबसे महत्वपूर्ण, असम के कार्बी आंगलोंग के पारंपरिक खानपान का प्रतिनिधित्व करने का शानदार अवसर मिला है। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोगों के साथ अपने पारंपरिक व्यंजनों और खानपान की परंपराओं को साझा करने का अवसर पाकर मैं खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रही हूं।”

घरेलू रसोइयों के लिए यह फेस्टिवल अपने समुदायों से बाहर निकलकर पारंपरिक व्यंजनों, स्थानीय सामग्रियों और खाना पकाने के पारंपरिक तरीकों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करता है। इसके साथ ही, उन्हें सीधे बाजार से जुड़ने और उपभोक्ताओं, शेफ तथा हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र के पेशेवरों के साथ बातचीत करने का भी मौका मिलता है।

टाटा स्टील फाउंडेशन में ट्राइबल आइडेंटिटी एंड कोलियरीज़ के हेड जिरेन टोपनो ने कहा, “जनजातीय समुदायों के लिए खानपान उनकी पहचान, संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही पारंपरिक जानकारी से जुड़ा है। जनजातीय व्यंजन स्थानीय जैव विविधता, पोषण और सामुदायिक स्वास्थ्य एवं कल्याण में खानपान की भूमिका की समझ को भी दर्शाते हैं। जब हम खानपान की इन परंपराओं को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाते हैं, तो समुदायों को अपना ज्ञान साझा करने, अपनी पहचान को संरक्षित रखने और आजीविका के स्थायी अवसर तलाशने का मंच मिलता है। द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल इन घरेलू रसोइयों को ये तीनों अवसर प्रदान करता है।”

तीन दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल में आगंतुकों को जनजातीय खानपान के विशिष्ट स्वादों का अनुभव करने और उनसे जुड़ी पारंपरिक खानपान की परंपराओं को जानने का अवसर मिलेगा। इस भागीदारी का उद्देश्य देशज खानपान से जुड़े पारंपरिक ज्ञान के प्रति लोगों में सम्मान और समझ बढ़ाना तथा जनजातीय घरेलू रसोइयों को बड़े फूड और हॉस्पिटैलिटी नेटवर्क से जुड़ने के नए अवसर उपलब्ध कराना भी है।

संवाद ट्राइबल क्विज़िन पहल जनजातीय खानपान की परंपराओं को मुख्यधारा की चर्चाओं में स्थान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है। साथ ही, यह सुनिश्चित करने पर भी जोर देती है कि इस पारंपरिक ज्ञान को सहेजने और आगे बढ़ाने वाले समुदायों और इससे जुड़े लोगों को इस पूरी पहल में केंद्र में रखा जाए।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *