
पंकज ठाकुर
बड़कागांव। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आंगो पंचायत के उरेज गांव में यूएफसी क्लब उरेज की ओर से आयोजित नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला गुरुवार को खेला गया। फाइनल में जग्गू इलेवन उरेज ने देवगढ़ फुटबॉल क्लब को 4-0 से हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।

फाइनल मैच का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक रोशन लाल चौधरी और टूर्नामेंट के संरक्षक समाजसेवी कोलेश्वर गंझू ने किया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीण बच्चियों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य और गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।

रामगढ़ जिला रेफरी एसोसिएशन के रेफरी निशा कुमारी, जतरु बेसरा, जुगेश हेंब्रम, प्रताप ठाकुर और सुरेश राम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। विजेता जग्गू इलेवन उरेज को समाजसेवी कोलेश्वर गंझू ने 50 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। वहीं उपविजेता देवगढ़ की टीम को मुखिया नीलम मिंज ने 30 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की। तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त टीमों को 10-10 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया।
समाजसेवी कोलेश्वर गंझू ने कहा कि आदिवासी समाज को अपनी परंपरा और संस्कृति को बचाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि परंपरा और संस्कृति सुरक्षित रहेगी, तभी आदिवासियों की पहचान भी सुरक्षित रहेगी। उन्होंने विधायक से फुटबॉल मैदान के सुंदरीकरण की मांग की।
विधायक रोशन लाल चौधरी ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन से युवाओं की छिपी प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है। खेल समाज को जोड़ने के साथ शरीर को स्वस्थ रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने मैदान को बेहतर स्टेडियम के रूप में विकसित करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।
मौके पर मुखिया नीलम मिंज, प्रमुख प्रतिनिधि हेमंत भुइयां, पंचायत समिति सदस्य संगीता कुमारी, मुखिया प्रतिनिधि महेंद्र कुमार, जयनंदन गंझू, संजय गंझू, बिरन गंझू, एल्विन टोप्पो, विशाल कुमार, जागेश्वर गंझू सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
