• Thu. Jun 18th, 2026

गोविंदपुर में छापा: होटल से बाल श्रमिक मुक्त, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

admin's avatar

Byadmin

Jun 18, 2026
crescent ad

 

 

धनबाद/गोविंदपुर: धनबाद जिला प्रशासन द्वारा बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गोविंदपुर में एक बड़ी कार्रवाई की गई। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर श्रम अधीक्षक पंकज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गोविंदपुर के मुख्य मार्ग स्थित न्यू खालसा होटल में औचक छापेमारी की। इस दौरान होटल में कार्यरत एक बाल श्रमिक को मुक्त कराया गया।

छापेमारी के बाद बालक को तत्काल संरक्षण, परामर्श एवं पुनर्वास की प्रक्रिया के लिए बाल संरक्षण तंत्र को सौंप दिया गया। प्रशासन ने बालक की सुरक्षा और उसके भविष्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कानूनी एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल शुरू कर दी है।

श्रम विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत बाल श्रम कराना एक गंभीर अपराध है। मामले में संबंधित दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्रम अधीक्षक पंकज कुमार ने कहा कि बाल श्रम समाज के लिए एक अभिशाप है और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा तथा सम्मानजनक बचपन का अधिकार प्राप्त है।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी बाल श्रम की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या श्रम विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

जिला प्रशासन ने बताया कि धनबाद को बाल श्रम मुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों, होटलों और व्यावसायिक संस्थानों में नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *