
*पश्चिमी सिंहभूम/चाईबासा, 24 जुलाई 2026*: पश्चिमी सिंहभूम के कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों में आयुष विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों में शुक्रवार को 306 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविरों में मरीजों की जांच के साथ आवश्यकता अनुसार निःशुल्क आयुष औषधियों का वितरण भी किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों के दौरान मधुमेह (डायबिटीज) और उच्च रक्तचाप की जांच की गई। वहीं गठिया, वात रोग, बुखार, सर्दी-खांसी, त्वचा रोग, नसों एवं पेट संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न सामान्य और दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

लगातार हो रही बारिश के बावजूद आयुष विभाग की टीम ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों डॉ. सूर्या भूषण, डॉ. निशा, डॉ. मैनुद्दीन, डॉ. दीपक, डॉ. सुशील, डॉ. कविता, डॉ. राधिका, डॉ. आशिक एवं डॉ. टिम्मा की सेवाओं की सराहना की गई।

शिविरों का आयोजन खुटपानी प्रखंड के भोया एवं पुरनिया, जगन्नाथपुर के शिव मंदिर टोला, चक्रधरपुर के सुरुबूरा, सोनुआ के भालूरूंगी, गुदड़ी प्रखंड के गाईलकेरा पंचायत, मनोहरपुर के गोपीपुर, सदर चाईबासा के आचु तथा नोवामुंडी के प्लॉटसाई सहित विभिन्न गांवों एवं टोलों में किया गया।
शिविरों के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सर्पदंश एवं विषैले कीड़ों के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में उपचार कराने की सलाह दी गई। लोगों को बाहर निकलते समय चप्पल या जूते पहनने तथा जमीन के बजाय खाट या पलंग पर सोने के लिए भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा ग्रामीणों को मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया। आयुष विभाग ने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर सहिया से संपर्क करने और समय पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच व उपचार कराने की अपील की। विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
