
(माैसम मुस्कान)
बेरमो/ बोकारो थर्मल-

बोकारो थर्मल के समीप गैरमजरुआ बस्ती की रहने वाली प्रतिभाशाली वेटलिफ्टर कुसुम कुमारी प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। कुसुम का चयन आगामी 1 से 5 नवंबर 2026 तक दिल्ली में आयोजित होने वाली नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

इससे पहले 11 अक्टूबर 2026 को रांची स्थित जेएसएसपीएस खेलगांव में आयोजित वेटलिफ्टिंग अस्मिता स्टेट मीट में कुसुम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर एक ही प्रतियोगिता में तीन गोल्ड मेडल अपने नाम किए। उनकी इस सफलता को जिले के खेल जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
‘मिशन ओलंपिक गोल्ड’ से मिली प्रशिक्षण की राह
कुसुम की खेल यात्रा की शुरुआत वर्ष 2018-19 में हुई, जब ‘मिशन ओलंपिक गोल्ड’ के तहत जेएसएसपीएस खेलगांव में उनका चयन हुआ था। इसके बाद से उनकी पढ़ाई, प्रशिक्षण, आवास और भोजन की व्यवस्था सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) तथा झारखंड सरकार के संयुक्त सहयोग से की जा रही है।
जेएसएसपीएस खेलगांव में प्रशिक्षित हो रहे कई युवा खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कुसुम की उपलब्धि भी इसी खेल प्रशिक्षण व्यवस्था और उनकी मेहनत का परिणाम है।
अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कुसुम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। उनकी सफलता से क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। खेलप्रेमियों को विश्वास है कि निरंतर मेहनत और उचित मार्गदर्शन के बल पर कुसुम भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
