• Fri. Aug 7th, 2026

एसबीआई बोकारो थर्मल में धूमधाम से मना सावन महोत्सव, म्यूजिकल चेयर सहित कई प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने दिखाया उत्साह

admin's avatar

Byadmin

Aug 7, 2026
crescent ad

 

बेरमो/बोकारो थर्मल-

 

बोकारो थर्मल स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) शाखा में शुक्रवार को ग्राहक सेवा समिति सह सावन महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया।

 

कार्यक्रम में बैंक ग्राहकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिला सदस्यों, सीआईएसएफ की महिला कर्मियों एवं अधिकारियों तथा स्थानीय महिला ग्राहकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

 

एसबीआई शाखा के मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि ग्राहक सेवा समिति की बैठक प्रत्येक तिमाही में आयोजित की जाती है।

 

इसी क्रम में इस बार श्रावण माह के अवसर पर बैठक को सावन महोत्सव के साथ जोड़कर विशेष रूप से महिलाओं को केंद्र में रखकर आयोजित किया गया।

 

कार्यक्रम में महिलाओं के मनोरंजन के लिए अंताक्षरी, म्यूजिकल चेयर, मेहंदी प्रतियोगिता तथा एक मिनट में सबसे अधिक गोलगप्पे खाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई।

 

सभी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिससे बैंक परिसर उत्सव के रंग में रंग गया। महिलाओं के लिए मेहंदी लगाने की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।

 

मनोरंजन के साथ-साथ कार्यक्रम में बैंकिंग सेवाओं एवं साइबर सुरक्षा के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

 

मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने साइबर ठगी से बचने के लिए ग्राहकों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

 

उन्होंने कहा कि यदि कोई अनजान व्यक्ति नकद राशि देकर आपके खाते में पैसे भेजने का आग्रह करे, तो पहले नकद राशि अपने पास सुरक्षित रखें और लेन-देन की पुष्टि होने के बाद ही राशि लौटाएं। उन्होंने कहा कि डिजिटल बैंकिंग के इस दौर में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में बैंक के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

 

इस अवसर पर मुख्य सहयोगी नंद किशोर प्रसाद, उप प्रबंधक कारु मार्डी, राहुल कुमार, वरिष्ठ सहयोगी विजय कुमार दास, कनिष्ठ सहयोगी सलोनी चौहान, सुमन कुमारी सहित बैंक कर्मी बाबन राम, राकेश कुमार, आकाश कुमार प्रजापति एवं रवि कुमार मेहता उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के समापन पर मुख्य प्रबंधक अमित कुमार ने अल्प सूचना के बावजूद बड़ी संख्या में शामिल हुए सभी ग्राहकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *