
झरिया में फायरिंग कर दहशत फैलाने की थी योजना; सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता कर किया मामले का खुलासा


धनबाद : धनबाद पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार शाम झरिया थाना परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बना रहे चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। सिटी एसपी ने बताया कि 8 मई 2026 की रात वरीय पुलिस अधीक्षक को यह गुप्त सूचना मिली थी कि झरिया थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने और फायरिंग कर इलाके में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से जुटे हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राज प्लस 2 विद्यालय के समीप घेराबंदी की। यहाँ से पुलिस ने चार अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इनके एक अन्य सहयोगी चन्द्रदेव राय को बरसाकोला से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी मुख्तार अंसारी के घर पर भी छापेमारी की। वहाँ से भी पुलिस को अवैध हथियार और गोलियां बरामद हुई हैं। हालांकि, मुख्तार अंसारी पुलिस के पहुंचने से पहले ही भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान 03 अवैध पिस्टल और 01 देसी कट्टा, 15 जिंदा कारतूस, चोरी की 02 मोटरसाइकिलें, 04 स्मार्टफोन जैसी सामग्री जब्त की है। गिरफ्तार अभियुक्तों मे राजेश शर्मा (35 वर्ष),
विकास सिंह (30 वर्ष), विनोद रवानी (46 वर्ष),चन्द्रदेव राय (48 वर्ष) शामिल रहे। सफलता की जानकारी देने के दौरान सिटी एसपी के साथ लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी नौशाद आलम, जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह, बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार, लोयाबाद थाना प्रभारी चीकू प्रसाद और झरिया थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे। पुलिस अब इन अपराधियों के पिछले आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है ताकि इनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
सिटी एसपी ने कहा कि”अपराधी क्षेत्र में फायरिंग कर दहशत फैलाने की फिराक में थे। समय रहते सूचना मिलने और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी घटना को टाल दिया गया है। फिलहाल मुख्य आरोपी मुख्तार अंसारी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।”
बाइट : सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
