• Fri. Oct 9th, 2026

साप्ताहिक जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आम नागरिकों की समस्याएं, संबंधित पदाधिकारियों को जांचोपरांत नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश

admin's avatar

Byadmin

Oct 9, 2026
crescent ad

 

सरायकेला-खरसावाँ, 09 अक्टूबर 2026:- समाहरणालय परिसर स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए आम नागरिकों एवं फरियादियों की व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं, शिकायतों तथा सुझावों को सुना गया। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि अन्य मामलों में संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवेदन हस्तांतरित कर एवं दूरभाष के माध्यम से अवगत कराते हुए जांचोपरांत नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

आज के जनता दरबार में भूमि एवं आवास पर अवैध अतिक्रमण से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई कर अतिक्रमण मुक्त कराने, झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के लंबित भुगतान सुनिश्चित कराने तथा लाल बिल्डिंग से दुर्गापूजा पंडाल तक सर्विस रोड को अतिक्रमण मुक्त कराने से संबंधित आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त हुईं।

 

इसके अतिरिक्त, ईचागढ़ प्रखंड के ग्राम पाटपुर में सार्वजनिक स्थल की चारदीवारी निर्माण, जीपीएफ कार्यालय, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

 

*नगर निगम क्षेत्र में दुर्गापूजा के दौरान नागरिक सुविधाओं एवं यातायात व्यवस्था से संबंधित सुझावों पर चर्चा…*

 

आदित्यपुर-गम्हरिया क्षेत्र में दुर्गापूजा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर नगर निगम क्षेत्र की साफ-सफाई, पूजा पंडालों तक पहुंच पथ की मरम्मत, सड़क प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित सुझावों पर भी चर्चा की गई। इस क्रम में निम्नलिखित बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता बताई गई:

 

– दुर्गापूजा से पूर्व सभी पूजा पंडालों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाना तथा पंडालों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत सुनिश्चित करना।

– नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख सड़कों एवं पूजा पंडालों के आसपास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराना तथा आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करना।

– लाल बिल्डिंग से दुर्गापूजा पंडाल तक सर्विस रोड सहित पूजा पंडालों के आसपास की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु नियमानुसार कार्रवाई करना।

– बड़े पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रवेश एवं निकास की समुचित व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करना, ताकि यातायात बाधित न हो।

– प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थलों पर यातायात नियंत्रण, आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन तथा पुलिस बल एवं स्वयंसेवकों की तैनाती के संबंध में संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना।

– आदित्यपुर एवं गम्हरिया क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करना।

– पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, नियमित गश्त तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करना।

– पूजा पंडालों के आसपास पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना।

 

उक्त सुझावों एवं शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों को आवश्यकतानुसार जांच एवं कार्रवाई करते हुए दुर्गापूजा के दौरान आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य करने को कहा गया।

 

*महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर…*

 

जनता दरबार में CLF भवन, मुंडातांड़, सरायकेला की जर्जर छत की मरम्मत कराने तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बेकरी मशीन सहित आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने से संबंधित विषय पर भी चर्चा की गई।

 

इस संबंध में उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने उपस्थित महिला समिति के सदस्यों से संवाद कर उनकी रुचि एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को महिलाओं की रुचि के अनुरूप स्वरोजगार के संभावित क्षेत्रों की पहचान करने, आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा जरूरत के अनुसार उपकरण एवं अन्य सहयोग प्रदान करने की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

 

प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के आलोक में उपायुक्त ने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवेदकों की समस्याओं का समयबद्ध निष्पादन करने का निर्देश दिया। साथ ही, की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *