• Mon. Oct 26th, 2026

सरायकेला : टाटानगर से जयपुर तक रेल संपर्क का नया विस्तार, सांतरागाछी-टाटानगर-खातीपुरा एक्सप्रेस का शुभारंभ ।

admin's avatar

Byadmin

Oct 26, 2026
crescent ad

 

टाटानगर से जयपुर तक रेल संपर्क को नया विस्तार मिला है। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार 26 अक्टूबर 2026 को सांतरागाछी-टाटानगर-खातीपुरा एक्सप्रेस की नई रेल सेवा के शुभारंभ के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया गया।

 

इस अवसर पर भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से इस नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सांतरागाछी रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

 

यह नई रेल सेवा पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान के बीच रेल संपर्क को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा तथा आवागमन और अधिक सुविधाजनक होगा।

 

*टाटानगर स्टेशन पर समारोह, जनप्रतिनिधि रहे मौजूद -*

टाटानगर स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ समारोह में जमशेदपुर के सांसद श्री विद्युत बरन महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक श्री सरयू राय तथा जमशेदपुर पूर्व की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू उपस्थित रहीं। रेलवे की ओर से चक्रधरपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री तरुण हुरिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

*जयपुर के पास खातीपुरा तक जाएगी ट्रेन -*

इस नई रेल सेवा में टाटानगर रेलवे स्टेशन का महत्वपूर्ण ठहराव निर्धारित किया गया है, जिससे जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजस्थान की ओर यात्रा के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। जयपुर शहर से लगभग 17 किलोमीटर दूर स्थित खातीपुरा रेलवे स्टेशन तक सेवा के विस्तार से जयपुर क्षेत्र तक यात्रियों की पहुंच और सुगम होगी।

 

इस ट्रेन के प्रमुख ठहरावों में खड़गपुर, टाटानगर, चांडिल, पुरुलिया, मुरी, रांची, लोहरदगा, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, आगरा फोर्ट एवं बांदीकुई सहित अन्य स्टेशन शामिल हैं।

 

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस नई रेल सेवा से न केवल यात्रियों को आवागमन के अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे, बल्कि विभिन्न राज्यों के बीच पर्यटन, व्यापार एवं सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। यह सेवा क्षेत्रीय रेल संपर्क के विस्तार और यात्रियों की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *