
सरायकेला –
सरायकेला प्रखंड के नुआडीह, पांड़रा, मुरुप, हातिया व खतुआकुदर समेत विभिन्न गांवों में श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ गोट पूजा का आयोजन हुआ। खतुआकुदर व सिदाडीह गांव में ग्राम देवता एवं सभी देवी-देवताओं को स्मरण करते हुए गोट पूजा की गई। इस अवसर पर पुजारी (नायके बाबा) ने बताया कि हमारे पूर्वज सदियों से इस पूजा को मनाते आ रहे हैं। पशुधन से अर्जित की गई फसल को प्राप्त करने के बाद, अपने पशुओं (गाय, बैल समेत अन्य कृषि उपयोगी पशुओं) को धन्यवाद करने के लिए गोट पूजा की जाती है। इस दौरान ग्रामीण अपने देवी-देवताओं से प्रार्थना करते हैं कि उनका पशुधन हमेशा सुरक्षित रहे और समस्त ग्रामवासियों के हर घर में सुख-समृद्धि आए।

सजाए गए पशुधन, पारंपरिक तरीके से हुई ‘अंडा फोड़ दौड़’

पूजा-अर्चना के दौरान पूजा स्थल में गांव के ग्रामीण पशुधन को विशेष रूप से सजा-धजा कर एकत्रित करते हैं। इसके बाद पशुओं के लिए पारंपरिक तरीके से ‘अंडा फोड़ दौड़’ का आयोजन किया जाता है। आदिवासी संथाल समाज की सबसे बड़ी और पवित्र पूजा ‘गोट बोंगा’ यानी सोहराय पर्व है, जिसकी शुरुआत इसी गोट बोंगा से होती है। गोट बोंगा में नायके (पुजारी) द्वारा एक अंडे की पूजा की जाती है। पूजा के बाद किसानों के पशुओं को एक साथ एकत्रित कर अंडे के पास छोड़ा जाता है। इस दौरान जिस पशु के पैर से वह अंडा टूट जाता है या छू जाता है, उस पशु और उसके मालिक को बेहद शुभ माना जाता है।
गोट पूजा के दौरान ग्रामीण पारंपरिक सोहराय के लोकगीत गाते हैं। सरायकेला के सावंत सोय ने बताया कि आदिवासी समाज इस सोहराय पर्व का साल भर बेसब्री से इंतजार करता है। महोत्सव के दौरान महिला तथा पुरुष सभी साफ-सुथरे पारंपरिक परिधानों में नजर आते हैं। यह पांच दिनों तक चलने वाला सोहराय महोत्सव आपसी भाईचारा और हर्षोल्लास का प्रतीक है।
नायके बाबा द्वारा अपने-अपने गांव में गोट पूजा कर इस महोत्सव की विधिवत शुरुआत की गई। इसके बाद गांव के लोगों द्वारा प्रसाद के रूप में ‘सोड़े’ (विशेष खिचड़ी) ग्रहण किया गया। इस पावन अवसर पर मारंगबूरू (भगवान) को पेय पदार्थ ‘हंडिया’ का अर्घ्य दिया जाता है, जिसे ग्रामीण प्रसाद स्वरूप सेवन करते हैं और आपस में खुशियां मनाते हैं।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
