
झरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से झरिया विधायक रागिनी सिंह ने मंगलवार को दो महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने धनबाद जिले के झरिया प्रखंड अंतर्गत फूसबंगला गांव में भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, धनबाद द्वारा प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इसके बाद नुनीडीह बस्ती स्थित बाबू बासा में डी.एम.एफ.टी. योजना मद से बनने वाले ई.जी.एस./आई.सी.डी.एस. केंद्र (आंगनवाड़ी भवन) का भी शिलान्यास किया।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि झरिया के विकास को केवल सड़क, बिजली और पानी तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला-बाल कल्याण के क्षेत्र में भी मजबूत आधारभूत संरचना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा और माताओं तथा महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

रागिनी सिंह ने कहा कि फूसबंगला में बनने वाला नया विद्यालय भवन क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा, जबकि नुनीडीह स्थित नया आंगनवाड़ी भवन गर्भवती एवं धात्री माताओं, बच्चों और महिलाओं के लिए पोषण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रारंभिक शिक्षा का सशक्त केंद्र बनेगा।

इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “झरिया के विकास की हमारी सोच केवल आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं है। हमारा लक्ष्य ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जहां हर बच्चे को बेहतर शिक्षा, हर मां और बहन को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण सुविधाएं और हर परिवार को विकास का समान अवसर मिले। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। इसलिए हमारी प्राथमिकता ऐसे स्थायी विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले।”
उन्होंने आगे कहा, “झरिया विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और बस्ती तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना हमारी प्रतिबद्धता है। विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। सभी निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों, इसके लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जनहित सर्वोपरि है और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।”
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा एवं जनता श्रमिक संघ के पदाधिकारियों, विभागीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने शिक्षा और महिला-बाल कल्याण से जुड़ी इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत का स्वागत करते हुए इसे झरिया के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
