
व्हाइट टाइगर गोजु रियू कराटे एसोसिएशन की ओर से आयोजित 1st इंटर डोजो ओपन कराटे चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चक्रधरपुर के प्रांगण में किया गया। एक दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों से आए कराटे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में व्हाइट टाइगर गोजु रियू की टीम ने सर्वाधिक पदक जीतकर चैंपियन ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता में व्हाइट टाइगर गोजु रियू की टीम ने 22 स्वर्ण, 23 रजत और 30 कांस्य पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, वाडो रियू की टीम ने 17 स्वर्ण, 20 रजत और 32 कांस्य पदक हासिल कर उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। जबकि शितो रियू, लोहरदगा की टीम 5 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीम को संस्था प्रमुख एवं आयोजन सचिव सेंसेई आशीष कुमार पांडेय ने चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन चक्रधरपुर के एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए शारीरिक गतिविधियों को नियमित बनाए रखने और खेल के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने अपने संबोधन में कराटे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बच्चों के साथ अपने कराटे प्रशिक्षण से जुड़े अनुभव भी साझा किए तथा उन्हें अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

*एसडीओ ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित*
चक्रधरपुर की अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कराटे को आत्मरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए बच्चों को इसके गुर सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में अनुशासन बनाए रखते हुए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने आयोजन सचिव सेंसेई आशीष कुमार पांडेय एवं पूरी आयोजन टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
*कई टीमों ने लिया हिस्सा*
चैंपियनशिप में चक्रधरपुर, गोइलकेरा, सोनुवा, बाईँडीह, लोहरदगा, संबलपुर तथा मधुसूदन स्कूल, चक्रधरपुर सहित विभिन्न स्थानों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखने और उनका उत्साह बढ़ाने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मनोज भगेरिया, उमाशंकर गिरी, मनोज जिंदल, पूजा गिरी, लोहरदगा के अमित कुमार सिंह तथा खड़गपुर के आनंद गोस्वामी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने भी विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में बड़ी संख्या में कराटे अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनमें सेंसेई कमल कुमार पति, सेंसेई अमूल्य प्रामाणिक, सेंसेई अमित कुमार सिंह, सेंसेई आनंद गोस्वामी, सेंसेई वीर सिंह सिरका, सेंसेई अंथोनी सिरका, सेंसेई अफसर अली, सेंसेई शैलेश बोदरा, सेंसेई उमाशंकर जाल, सेंसेई मुकेश दास, सेंसेई पल्लवी कुमारी, सेंसेई खुशी यादव, सेंसेई अष्टमी प्रामाणिक, अनीशा महतो और सेंसेई सोनाक्षी पति सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन उमाशंकर गिरी एवं आयोजन सचिव सेंसेई आशीष कुमार पांडेय के संयुक्त संबोधन के साथ हुआ। प्रतियोगिता ने बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही खेल, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
