
*चाईबासा, 05 जून 2026*: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन द्वारा टाटा कॉलेज, चाईबासा के बहुउद्देशीय सभागार में रसोईया एवं संयोजिकाओं के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री उत्कर्ष कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार सहित शिक्षा विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराना, पोषण स्तर में सुधार लाना तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को सुदृढ़ करना था। कार्यक्रम में मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता मानकों, पोषण प्रबंधन, पोषण वाटिका निर्माण और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास में शिक्षा और पोषण दोनों की समान भूमिका है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ बच्चा ही बेहतर तरीके से शिक्षा ग्रहण कर सकता है, इसलिए विद्यालयों में परोसे जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने रसोईया एवं संयोजिकाओं को बच्चों के स्वास्थ्य और भविष्य निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने विद्यालयों में पोषण वाटिका विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्थानीय स्तर पर हरी सब्जियों एवं फलों की उपलब्धता बढ़ेगी और बच्चों में पौष्टिक भोजन के प्रति जागरूकता भी विकसित होगी। उन्होंने विद्यालय परिसरों में मौसमी सब्जियां, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में खाद्य सुरक्षा, संतुलित आहार, स्वच्छ रसोई संचालन, सुरक्षित खाद्य भंडारण तथा भोजन निर्माण की वैज्ञानिक पद्धतियों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही विद्यालयों के रसोईघरों को स्वच्छ, प्रदूषणमुक्त एवं पर्याप्त वेंटिलेशन युक्त बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में पौधारोपण अभियान चलाने तथा बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इसके अलावा मलेरिया जागरूकता माह, “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान तथा स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से जुड़े विषयों पर भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में आयोजित तिथि-भोजन कार्यक्रम के सफल संचालन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली करीब 36 रसोईया एवं संयोजिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यशाला में शिक्षा विभाग के एपीओ, बीआरपी, सीआरपी सहित लगभग 1500 रसोईया एवं संयोजिकाओं ने भाग लिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
