• Sun. Nov 22nd, 2026

योग गुरु स्वामी रामदेव जमशेदपुर पहुंचे और एग्रिको मैदान में पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित प्रांतीय महिला सम्मेलन में शिरकत किए

admin's avatar

Byadmin

Nov 22, 2026
crescent ad

 

जमशेदपुर। योग गुरु स्वामी रामदेव ने रविवार को जमशेदपुर पहुंचे और एग्रिको मैदान में पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित प्रांतीय महिला सम्मेलन में भाग लिया । इस दौरान उन्होंने योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और सनातन धर्म को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने लोगों को नियमित योगाभ्यास करने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की सलाह दी। वहीं, सनातन धर्म के नाम पर बढ़ते सामाजिक उन्माद और हिंसा को लेकर भी चिंता जताई । उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनातन था, है और रहेगा। कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित पतंजलि योग समिति के विभिन्न पदाधिकारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

प्रांतीय महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वामी रामदेव ने कहा कि स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है । नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त करने में मदद मिलती है। उन्होंने लोगों से योग को केवल विशेष आयोजनों तक सीमित नहीं रखने, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और परंपरा की महत्वपूर्ण देन है, जिसे अपनाकर लोग अपने जीवन को बेहतर बना सकते हैं। सम्मेलन के दौरान बाबा रामदेव ने सनातन धर्म को लेकर देश में चल रही बयानबाजी पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने लोगों से सनातन के नाम पर सामाजिक उन्माद और हिंसा से बचने की अपील की । उन्होंने कहा कि सनातन किसी व्यक्ति या संस्था तक सीमित नहीं है । सनातन था, है और आगे भी रहेगा। उन्होंने धर्म के नाम पर समाज में तनाव उत्पन्न करने वाली गतिविधियों से सावधान रहने की आवश्यकता बताई। स्वामी रामदेव ने अपने संबोधन में भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर की कथित टिप्पणी के संदर्भ में भी अप्रत्यक्ष रूप से प्रतिक्रिया दी । हालांकि, उन्होंने किसी का नाम लेकर सीधा आरोप नहीं लगाया।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सनातन को लेकर देश में जिस प्रकार का माहौल बन रहा है, वह उचित नहीं है । वहीं, पिछले 12 वर्षों तक इस विषय पर चुप रहने और अब अचानक टिप्पणी करने से संबंधित सवालों पर उन्होंने सीमित प्रतिक्रिया दी।

उनके बयान को सनातन धर्म के नाम पर साधु-संतों की राजनीतिक बयानबाजी और सामाजिक ध्रुवीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, स्वामी रामदेव ने किसी राजनीतिक दल या केंद्र सरकार पर सीधे तौर पर टिप्पणी नहीं की। पत्रकारों ने जब स्वामी रामदेव से पतंजलि उत्पादों पर प्रतिबंध लगाए जाने संबंधी सवाल पूछा, तो उन्होंने ऐसी चर्चाओं से इनकार किया। उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा भ्रम बताया, हालांकि, उन्होंने इस संबंध में किसी विशेष उत्पाद या प्रतिबंध संबंधी आदेश का उल्लेख नहीं किया।

उत्तर प्रदेश की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर स्वामी रामदेव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर विश्वास जताया। उन्होंने कहा, “यूपी में फिर योगी राज आने वाला है । इसे कोई रोक नहीं सकता। उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर उनका यह बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

एग्रिको मैदान में आयोजित प्रांतीय महिला सम्मेलन में पतंजलि योग समिति से जुड़ी महिलाओं, पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया । कार्यक्रम के दौरान योग, स्वास्थ्य, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।। स्वामी रामदेव के जमशेदपुर आगमन को लेकर आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल रहा। सम्मेलन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और आयोजकों ने योग को जन-जन तक पहुंचाने के महत्व पर जोर दिया।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *