
बेरमो/ बोकारो थर्मल-
झारखंड सरकार के आदेशानुसार मंगलवार को बोकारो थर्मल स्थित स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा मैदान में करम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सांस्कृतिक निदेशालय, झारखंड, रांची एवं जिला प्रशासन बोकारो के सौजन्य से तथा डीवीसी सीएसआर और प्रखंड प्रशासन बेरमो के सहयोग से किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपरा की झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, प्रोबेशनल आईएएस राधा कृष्णन, बेरमो बीडीओ मुकेश कुमार एवं सीओ संजीत सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत जेएसपीएलएस से जुड़ी महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर किया। इसके बाद पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ ही पारंपरिक पत्तों से बनी माला, टोपी एवं बंडी पहनाकर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

करम महोत्सव की शुरुआत उपायुक्त अजय नाथ झा सहित अन्य अतिथियों ने विधि-विधान से करम डाल स्थापित कर एवं जावा रखकर पूजा-अर्चना के साथ की। पूजा के उपरांत उपायुक्त, एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने मांदर की थाप पर पारंपरिक झूमर नृत्य में भाग लिया। इससे पूरा आयोजन स्थल लोकगीत और पारंपरिक नृत्य की धुन से गूंज उठा।
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि करम पर्व झारखंड की आत्मा है। यह केवल पूजा का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति, भाईचारे और समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोक परंपरा और लोक जीवन से जुड़ी झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर उसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। बोकारो थर्मल में महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी हमारी संस्कृति और पहचान के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाती है।
*डीवीसी सीएसआर की रही महत्वपूर्ण भूमिका*
करम महोत्सव के आयोजन में डीवीसी सीएसआर की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। डीवीसी द्वारा अपने सामाजिक दायित्वों के तहत स्थानीय क्षेत्र में सांस्कृतिक, सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाता रहा है। इसी क्रम में करम महोत्सव जैसे पारंपरिक आयोजन को सहयोग देकर डीवीसी सीएसआर ने स्थानीय लोक संस्कृति, सामुदायिक सहभागिता और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने में योगदान दिया। आयोजन में स्थानीय महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को और जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोकारो थर्मल थाना प्रभारी रोहित कुमार, गांधीनगर थाना प्रभारी धनंजय सिंह एवं कथारा ओपी प्रभारी राहुल राम दल-बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस एवं प्रशासन की निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
