
सिंदरी (धनबाद): बीआईटी सिंदरी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में 1 जून 2026 से समर इंटर्नशिप कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। देश के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) सत्र के साथ हुई। इस दौरान छात्रों को विभाग की कार्यप्रणाली, प्रशिक्षण की रूपरेखा तथा इंटर्नशिप के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष प्रो. प्रफुल्ल कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि इंटर्नशिप का मुख्य उद्देश्य छात्रों को सिविल इंजीनियरिंग के व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराना तथा उन्हें उद्योग और शोध क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है। उन्होंने छात्रों को प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक डॉ. माया राजनारायण राय, डॉ. निशिकांत किस्कू, डॉ. कोमल कुमारी, डॉ. अभिजीत आनंद, प्रो. सरोज मीणा एवं प्रो. प्रशांत रंजन मालवीय ने विद्यार्थियों को सिविल इंजीनियरिंग के विभिन्न क्षेत्रों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्र अपनी रुचि और करियर लक्ष्य के अनुसार स्टैड प्रो (STAAD Pro), ऑटोकैड (AutoCAD), जल संसाधन अभियंत्रण सहित अन्य विशेष पाठ्यक्रमों का चयन कर सकते हैं।

इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को विभाग की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भ्रमण भी कराया गया। इनमें उन्नत मृदा यांत्रिकी प्रयोगशाला, परिवहन प्रयोगशाला, ऑटोकैड लैब तथा राजमार्ग अभियंत्रण प्रयोगशाला प्रमुख हैं। प्रयोगशालाओं में उपलब्ध आधुनिक उपकरणों और तकनीकों की जानकारी देकर छात्रों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि यह समर इंटर्नशिप विद्यार्थियों के लिए सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेगी। इससे छात्रों की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी और उन्हें भविष्य में बेहतर शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
