
चाईबासा, 27 जून 2026: पश्चिमी सिंहभूम जिले में 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा-2027 में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा कार्यालय के तत्वावधान में टाटा कॉलेज, चाईबासा के बहुउद्देशीय सभागार में जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला “प्रोजेक्ट परख: तैयारी उड़ान की” के तहत आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मनीष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत जिले की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नियमित अध्ययन करने और लिखने का अभ्यास जारी रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अभिभावकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विद्यार्थी सफलता के नए आयाम स्थापित करें।

उपायुक्त ने शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विद्यार्थियों की सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट परख के तहत नियमित जांच परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में परीक्षा संबंधी भय कम होगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का आधार भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और भविष्य में दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान जिले में संचालित विभिन्न नवाचारों, “प्रोजेक्ट जागृति-बेहतर स्वास्थ्य की ओर कदम”, रक्तदान शिविर और तिथि भोज कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
कार्यशाला में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, लक्ष्य निर्धारण, मानसिक मजबूती और बेहतर प्रदर्शन की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी जारी रखने की सलाह दी।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने पश्चिमी सिंहभूम को नशा मुक्त जिला बनाने, 28 जून को आयोजित पल्स पोलियो महाअभियान तथा मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
