
संवाददाता : पिंटू यादव
शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती के साथ मनाया गया 10 वर्षीय भगत सिंह का जन्मोत्सव, जेपी पटेल समेत हजारों लोग इस भावपूर्ण आयोजन में शामिल हुए

चौपारण (हजारीबाग)। शहादत, संघर्ष और क्रांति के प्रतीक शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती बुधवार को चौपारण में एक अनूठे और भावपूर्ण अंदाज में मनाई गई। पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव के आवास पर शहीद भगत सिंह की जयंती के साथ उनके पौत्र एवं जिला परिषद सदस्य भाग-दो रविशंकर अकेला के पुत्र भगत सिंह का 10वां जन्मोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया।

इस अवसर पर उमाशंकर अकेला यादव ने अपने पौत्र के जन्मदिन को महज पारिवारिक उत्सव तक सीमित न रखते हुए भगत सिंह के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री जेपी भाई पटेल, कांग्रेस जिला प्रभारी राजीव रंजन सिंह, बरही डीएसपी राधा प्रेम किशोर, थाना प्रभारी पंकज कुमार समेत बरही विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर हुई। उपस्थित लोगों ने उनके त्याग, साहस, संघर्ष, राष्ट्रप्रेम और क्रांतिकारी विचारों को नमन किया। वहीं बालक भगत सिंह के जन्मदिन पर केक काटकर उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
“पौत्र का नाम भगत सिंह रखना मेरे लिए सिर्फ नाम नहीं, एक विचार है” — उमाशंकर अकेला
पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव ने कहा कि वे प्रारंभ से ही शहीद-ए-आजम भगत सिंह के विचारों और आदर्शों से गहराई से प्रभावित रहे हैं। इसी भावना से उन्होंने अपने पौत्र का नाम भगत सिंह रखा, ताकि यह नाम केवल परिवार तक सीमित न रहे, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भी उनके विचारों और संघर्ष की प्रेरणा देता रहे।
उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि उनका पौत्र बड़ा होकर भगत सिंह के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करे तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनके संदेश को पहुंचाने का काम करे।
उमाशंकर अकेला ने कहा कि देश को राजनीतिक आजादी जरूर मिली, लेकिन समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान अवसर, सम्मान और विकास का वास्तविक लाभ पहुंचाना अभी भी एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह का सपना केवल अंग्रेजों से आजादी तक सीमित नहीं था, बल्कि वे एक ऐसे समाज की कल्पना करते थे, जहां शोषण और असमानता के लिए कोई जगह न हो।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि भगत सिंह की तस्वीर के साथ-साथ उनके विचार भी हर घर तक पहुंचें। उन्होंने विश्वास जताया कि उनका पौत्र और नई पीढ़ी शहीद-ए-आजम के अधूरे सपनों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेगी।
जेपी पटेल बोले—नामकरण में भी छिपी है एक बड़ी प्रेरणा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री जेपी भाई पटेल ने कहा कि उमाशंकर अकेला यादव के आवास पर आकर वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस महान क्रांतिकारी के विचारों से प्रेरित होकर अपने पौत्र का नाम भगत सिंह रखा गया, वह अपने आप में प्रेरणादायक पहल है।
उन्होंने बालक भगत सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके दीर्घायु, उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा की भावना से आगे बढ़ने की कामना की।
राजीव रंजन सिंह ने कहा—नई पीढ़ी बने भगत सिंह के विचारों की वाहक
कांग्रेस जिला प्रभारी राजीव रंजन सिंह ने कहा कि शहीद-ए-आजम भगत सिंह के नाम पर बालक का नाम रखा जाना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी को भगत सिंह के साहस, त्याग, देशभक्ति और सामाजिक न्याय के विचारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बालक भगत सिंह के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना करते हुए कहा कि वह आगे चलकर शहीद भगत सिंह के विचारों को जीवंत रखने और समाज में उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का माध्यम बने।
रविशंकर अकेला बोले—क्रांति की मशाल नई पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व
जिला परिषद सदस्य भाग-दो रविशंकर अकेला ने अपने पुत्र के जन्मदिन पर कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि भगत सिंह बड़ा होकर शहीद-ए-आजम के आदर्शों पर चले और उनके विचारों को जनमानस तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने देश में जिस क्रांति और परिवर्तन की मशाल को प्रज्वलित किया था, उसे नई पीढ़ी के माध्यम से जीवंत रखना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान केक काटकर बालक भगत सिंह का जन्मोत्सव मनाया गया। उपस्थित लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष भीम दास, अध्यक्ष अवधेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष शारदा रंजन दुबे, विधानसभा प्रभारी मनीषा टोपो, नगर अध्यक्ष परवेज आलम, शशि मोहन सिंह, संजय तिवारी, कृष्ण यादव, निवर्तमान उपप्रमुख प्रीति गुप्ता, ताजपुर मुखिया उषा देवी, पूर्व कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंटू यादव, जिला महासचिव विकास गुप्ता, जिला सचिव रेवाली पासवान, बैजू गहलोत, अभिमन्यु भगत, टुन्नू वर्णवाल, प्रहलाद सिंह, उमेश सिंह, महेश केशरी, नागेंद्र कुशवाहा, अभय सिंह, श्याम सिंह, यदुनंदन यादव, बिनोद यादव, मनोज सिंह, निराला सिंह, कोठारी सिंह, मदन सिंह, देवलाल साव, बालकिशुन यादव, संजय यादव, नवीन यादव, वीरेंद्र सिंह, विनोद सिंह, नीरज सिंह, डिंपू जैन, नकुल यादव, सीताराम वर्णवाल सहित बरही विधानसभा क्षेत्र के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, कांग्रेस कार्यकर्ता, समर्थक एवं शुभचिंतक मौजूद रहे।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
