
*प्रतिनिधि, बोकारो थर्मल*
हजारीबाग से एक विवाहिता रविवार दोपहर अपने परिजनों के साथ दो वाहनों में सवार होकर बोकारो थर्मल की जीएम कॉलोनी स्थित अपने प्रेमी के घर पहुंची और वहां उसे अपनाने की मांग करने लगी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हंगामा बढ़ गया, जिसके बाद प्रेमी के घरवालों ने मुख्य द्वार बंद कर अंदर से ताला लगा दिया। स्थिति को देखते हुए युवती के परिजनों ने पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना के सहायक अवर निरीक्षक एम मुंडू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

पुलिस के सामने युवती और उसके घरवालों ने बताया कि वह शादीशुदा है और एक शादी समारोह में शामिल होने रांची गई थी, वहीं बोकारो थर्मल की जीएम कॉलोनी में रहने वाले एक डीवीसी कर्मी के बेटे से उसकी मुलाकात हुई। यह जान-पहचान धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और युवक ने पति से तलाक लेने की स्थिति में उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। युवती के मुताबिक वह पहले भी बोकारो थर्मल स्थित प्रेमी के घर आ चुकी है। आरोप है कि बाद में प्रेमी ने ही युवती के पति को उनके अफेयर के बारे में बता दिया, जिससे युवती की शादीशुदा जिंदगी में काफी तनाव पैदा हो गया और उसके पति ने भी उसे साथ रखने से मना कर दिया।

इस पूरे विवाद को सुलझाने के लिए पहले गोविंदपुर डी पंचायत सचिवालय में पंचायती भी हो चुकी थी, जिसमें प्रेमी के परिजनों ने 20 नवंबर तक का समय मांगा था। तय समयसीमा खत्म होने के बाद रविवार को युवती और उसके परिजन बोकारो थर्मल पहुंचे और युवती को घर में रखने पर अड़ गए, जबकि प्रेमी के परिजन इसके लिए राजी नहीं हुए। आखिरकार थाने में बातचीत के बाद युवती के परिजन इस मामले का कानूनी समाधान निकालने की बात कहते हुए हजारीबाग लौट गए।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
