• Tue. Jul 7th, 2026

नवीनगर में दुकानदारों के विरोध के बावजूद छठे दिन भी चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

admin's avatar

Byadmin

Jul 7, 2026
crescent ad

 

नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

 

औरंगाबाद जिले के नवीनगर नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण हटाओ अभियान छठे दिन भी जारी रहा। दुकानदारों के विरोध और नाराजगी के बावजूद प्रशासन ने न्यू एरिया एवं मंगल बाजार इलाके में जेसीबी मशीन के साथ अभियान चलाकर सड़क और नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाया।

अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती एवं दंडाधिकारी विजेंद्र कुमार सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासनिक टीम ने सड़क और नाली के बाहर लगाए गए करकट के शेड, दुकानों के आगे निकले अस्थायी ढांचे तथा अन्य अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। दुकानदारों का आरोप था कि प्रशासन अतिक्रमण हटाने में भेदभाव कर रहा है। उनका कहना था कि कुछ प्रभावशाली और रसूखदार लोगों द्वारा नाली एवं सड़क पर बनाए गए स्थायी निर्माण, चबूतरे और घरों की सीढ़ियों को नहीं हटाया गया, जबकि छोटे दुकानदारों के अस्थायी अतिक्रमण को निशाना बनाया जा रहा है।

अतिक्रमण हटाने के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल भी उत्पन्न हो गया। कई दुकानदार अपनी दुकानों के सामने से सामान हटाने में जुट गए, वहीं कुछ लोग प्रशासनिक कार्रवाई का विरोध करते नजर आए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा और अभियान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में सड़क और नाली को अतिक्रमण मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है तथा जलनिकासी व्यवस्था भी प्रभावित होती है। प्रशासन का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को खाली कराना है और आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की जाए तो शहर की यातायात व्यवस्था और सफाई व्यवस्था में काफी सुधार हो सकता है। वहीं, कई दुकानदारों ने प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था और सभी पर समान रूप से कार्रवाई की मांग की है।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *