
नबीनगर से संदीप कुमार की रिपोर्ट

औरंगाबाद जिले के नवीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बसन बिगहा मोड़ के समीप शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलाई पंचायत के पोखराहा गांव निवासी युगल सिंह के 35 वर्षीय पुत्र ओम प्रकाश सिंह उर्फ केडी शुक्रवार सुबह दूध लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को जीवित समझकर तत्काल इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने नब्ज जांचने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।इधर, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नवीनगर-अम्बा मुख्य सड़क को जाम कर दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है
उन्होंने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। सूचना मिलने पर नवीनगर थानाध्यक्ष मृतंजय कुमार उपाध्याय समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद करीब तीन घंटे के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। प्रशासन द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, हादसे में शामिल हाईवा ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक की पहचान रोहतास जिले के जमुहार थाना क्षेत्र निवासी उमेश पासवान के रूप में की गई है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद तेज रफ्तार और अनियंत्रित वाहनों पर लगाम नहीं लग पाना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर नियमित जांच, स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
