• Sun. Jul 19th, 2026

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 की तैयारियों का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा

admin's avatar

Byadmin

Jul 18, 2026
crescent ad

 

पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के तत्त्वावधान में आगामी 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज उपायुक्त -सह- जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने चक्रधरपुर क्षेत्र स्थित मारवाड़ी विद्यालय एवं मधुसूदन महतो हाई स्कूल परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान दोनों वरीय पदाधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैठने की क्षमता, कक्षों की स्थिति, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, कंट्रोल रूम से संबंधित व्यवस्थाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी व्यवस्थाओं को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समय रहते पूर्ण करने का निर्देश दिया।

 

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने, परीक्षा केंद्रों पर अनुशासित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।

 

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने, परीक्षा केंद्रों के आसपास सतत गश्ती, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय प्रभावी रूप से लागू किए जाएंगे।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, पहचान सत्यापन, निर्धारित समय का पालन तथा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए।


There is no ads to display, Please add some
Post Disclaimer

स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *