
नयन मोदक की रिपोर्ट
झरिया : जोरापोखर थाना क्षेत्र के जीएम बंगला के पास बुधवार देर रात स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के आरोप को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया।

पुलिस के अनुसार, भूलन बरारी बूढ़ी बांध निवासी तीन लोग बाइक से झरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान झरिया से डिगवाडीह की ओर जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो का एयरबैग भी खुल गया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

हादसे में बाइक चालक सन्नी यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार जावेद अंसारी उर्फ छोटका और उनकी पत्नी जोया खातून गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सन्नी यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद घायल दंपती को बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद रेफर कर दिया गया।
घायल जोया खातून की बहन अफसाना खातून ने बताया कि पेट में दर्द होने के कारण जोया को उसका पति जावेद, मोहल्ले के सन्नी यादव की बाइक से इलाज के लिए मुस्कान हॉस्पिटल ले जा रहा था। रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
सन्नी यादव की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जियलगोरा अस्पताल पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में तीन एंबुलेंस खड़ी थीं, लेकिन एक भी चालक मौजूद नहीं था। इससे घायलों को दूसरे अस्पताल भेजने में काफी देर हुई। बाद में निजी वाहन की व्यवस्था कर दोनों घायलों को धनबाद भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही जोरापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक व स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। पुलिस फरार स्कॉर्पियो सवारों की पहचान में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
