
जगन्नाथपुर/चाईबासा, 13 जुलाई 2026: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तोड़ागहातु के कीड़ासाई टोला में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को ग्रामीण मुण्डा उदय लागुरी द्वारा पुलिस को सूचना दी गई कि कीड़ासाई टोला में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।

मृतका की पहचान शुरु कुई (30 वर्ष), पति कानुराम दिग्गी, निवासी तोड़ागहातु कीड़ासाई टोला के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व कानुराम दिग्गी दूसरी पत्नी को घर लेकर आया था, जिसके बाद पहली पत्नी शुरु कुई के साथ लगातार विवाद चल रहा था।

आरोप है कि 12 जुलाई की रात घरेलू विवाद के दौरान कानुराम दिग्गी ने गमछे से मुंह दबाकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई अरबिंद मुण्डा के लिखित आवेदन के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में कांड संख्या 34/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कानुराम दिग्गी (30 वर्ष) को 13 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी टिंकु कुमार दास, पु.अ.नि. राजेश कुमार राय, पु.अ.नि. विश्वनाथ हेम्ब्रम, स.अ.नि. मनमथो प्रधान एवं जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
There is no ads to display, Please add some


Post Disclaimer
स्पष्टीकरण : यह अंतर्कथा पोर्टल की ऑटोमेटेड न्यूज़ फीड है और इसे अंतर्कथा डॉट कॉम की टीम ने सम्पादित नहीं किया है
Disclaimer :- This is an automated news feed of Antarkatha News Portal. It has not been edited by the Team of Antarkatha.com
